यहां फेल है योगी सरकार और बिजली विभाग के सारे नियम, 10 दिन में नहीं बदला ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 75 कनेक्शन धारी है। लेकिन 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाकर पूरे गांव को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जिसमें विभाग की भारी कमियां उजागर हो रही हैं।
 

रामशाला गांव का 10 दिनों से जला है ट्रांसफार्मर

परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

गांव में लगभग 75 कनेक्शनधारी होने के बाद भी नहीं सुनी जाती फरियाद

लगता है गांव के लोग नहीं देते हैं BJP को वोट

चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत रामशाला गांव के ग्रामीणों का धैर्य उस समय जवाब दे दिया। जब गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने के दस दिन बाद भी बदलकर नया नहीं लगाया। उमस भरे गर्मी और अंधेरे से परेशान आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को ट्रांसफार्मर के समीप प्रदर्शन करते हुए विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध जमकर नारा लगाया। चेताया कि तत्काल जले ट्रांसफार्मर को बदलकर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नही लगाया गया तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

  ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 75 कनेक्शन धारी है। लेकिन 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाकर पूरे गांव को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जिसमें विभाग की भारी कमियां उजागर हो रही हैं। 25 केवीए का ट्रांसफार्मर और 75 केवीए का लोड रहने के कारण ट्रांसफार्मर जल जाया करता है।

 ग्राम प्रधान गुड़िया देवी ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड रहने की जानकारी से अधिशासी अभियंता को पिछले एक वर्ष से लगातार अवगत कराया जा रहा है। जिनके निर्देश पर उसी समय उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के लिए विभागीय अवर अभियंता मनोज कुमार से एस्टीमेट भी बनाकर भेजा गया। लेकिन आज तक 25 केवीए के पुराने ट्रांसफार्मर से ही काम चलाया जाता रहा है।

 इधर दस दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ है, जिसकी सूचना कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई> यहां तक की हेल्पलाइन नंबर 1912 पर उपभोक्ताओं द्वारा कई बार कॉल करके जानकारी दी गई। लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदल गया, जबकि शासन का निर्देश है कि जले ट्रांसफार्मर की सूचना मिलने के 24 घंटे बाद बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाकर सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी।

  गांव के पारस यादव, प्रभावती देवी, रामनिवास, प्रमोद कुमार, नारद यादव, रविंद्र कुमार ने प्रदर्शन कर चेताया कि इसके बाद भी 24 घंटे के अंदर नया उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।