चकिया के सैदूपुर में पारंपरिक होलिका स्थल पर कब्जे का साया, 4 दिन बचे; पुलिस और राजस्व टीम के बाद भी नहीं निकला स्थायी हल।
चंदौली के चकिया स्थित सैदूपुर में होलिका दहन के स्थायी स्थान को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों की बैठक बेनतीजा रही। ग्राम समाज की जमीन की नापी के दौरान आपत्ति के कारण काम रोकना पड़ा। इस वर्ष भी अस्थायी जगह पर ही होलिका दहन पर सहमति बनी है।
सैदूपुर में होलिका स्थापना स्थल का विवाद
चकिया पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर
ग्राम समाज की जमीन की नापी पर ग्रामीण की आपत्ति
सैकड़ों साल पुरानी पारंपरिक जमीन पर मकान का निर्माण
समय की कमी के चलते अस्थायी स्थान पर होगा होलिका दहन
चंदौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सैदूपुर गांव में होलिका स्थापना को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। होलिका दहन के पर्व में अब केवल चार दिन का समय शेष बचा है, लेकिन अभी तक स्थल चयन को लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। विवाद को बढ़ता देख गुरुवार को प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया और पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर मोर्चा संभाला।
पारंपरिक स्थल पर कब्जे के कारण हर साल होता है विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सैकड़ों वर्षों से एक ही पारंपरिक स्थान पर होलिका स्थापित कर उसका दहन किया जाता था। लेकिन, करीब तीन साल पहले एक व्यक्ति विशेष द्वारा उस पारंपरिक स्थल पर मकान का निर्माण करा लिया गया। तब से लेकर आज तक हर वर्ष होलिका स्थापना के लिए अस्थायी रूप से अलग-अलग स्थानों का चयन करना पड़ता है, जिसके कारण हर बार गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नापी के दौरान आपत्ति से अटका स्थायी समाधान
इस स्थायी समस्या का हल निकालने के लिए थाना प्रभारी अर्जुन सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय गुप्ता और ग्रामीणों के बीच ग्राम समाज की भूमि पर स्थायी रूप से होलिका स्थापित करने को लेकर सैद्धांतिक सहमति तो बन गई, लेकिन पेंच मौके पर भूमि चयन के दौरान फंस गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार मिश्रा के कड़े निर्देशों पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम समाज की भूमि की नापी का कार्य शुरू किया। तभी पास की जमीन के एक व्यक्ति ने अपनी आपत्ति जताते हुए नापी का कार्य बीच में ही रुकवा दिया, जिससे स्थायी भूमि के चयन पर कोई अंतिम मुहर नहीं लग सकी।
इस वर्ष भी अस्थायी स्थान पर ही जलेगी होलिका
राजस्व टीम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौके की पूरी वस्तुस्थिति से एसडीएम को अवगत कराया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ, तो भविष्य में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नापी कराकर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल, त्योहार में समय बेहद कम होने के कारण इस वर्ष भी पिछली बार की तरह ही किसी अस्थायी स्थान पर होलिका स्थापित कर दहन किए जाने पर आम सहमति बनी है। इस मौके पर ग्रामीण अक्षय वर्मा, चंदन सेठ, दिवाकर पटेल, सुरेंद्र पासवान, जीवन प्रकाश आनंद, रवि जायसवाल, दरोगा मौर्य, आलोक कुमार और दिव्यांश सहित भारी संख्या में ग्रामीण व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।