सैदूपुर को मिली विकास की नई रफ्तार, विधायक कैलाश आचार्य ने 5 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

 

चंदौली के सैदूपुर में विधायक कैलाश आचार्य ने बीबी जी राम जी योजना के तहत पांच विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।

 
 

सैदूपुर में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

विधायक कैलाश आचार्य ने किया लोकार्पण

बीबी जी राम जी योजना की सौगात

नाली, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग का काम

ग्राम प्रधान ने किया अतिथियों का सम्मान

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत सैदूपुर कस्बे में सोमवार को विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली। क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने बीबी जी राम जी योजना के तहत क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने कस्बे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई नई निर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखी और पहले से तैयार हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।

इन प्रमुख निर्माण कार्यों का हुआ शिलान्यास व लोकार्पण
कार्यक्रम में विधायक ने काली मंदिर के पास सुरेंद्र के घर से बुद्ध प्रताप के घर तक नाली, पत्थर चौका और सीसी रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में इंटरलॉकिंग व सीसी रोड निर्माण की आधारशिला रखी। वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल, प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के पास निर्मित टीनशेड और रामजानकी मंदिर के समीप बने चबूतरे का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।

गांवों का विकास और बुनियादी सुविधाएं पहली प्राथमिकता
लोकार्पण व शिलान्यास के बाद विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि गांवों का चहुंमुखी विकास और आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारकर ग्रामीण इलाकों की सूरत बदली जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि गांव के लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

अतिथियों का सम्मान और कार्यक्रम में मौजूद लोग
कार्यक्रम के दौरान सैदूपुर की ग्राम प्रधान शीला गुप्ता ने मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य और अन्य गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अजय गुप्ता, शहाबगंज मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, शीतांजलि शर्मा, मनोज श्रीवास्तव, अरविंद दुबे, विजयानंद, चंद्रभूषण चतुर्वेदी, हवारी इलियास, परितोष गुप्ता और अरविंद मौर्य समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।