सैदूपुर व्यापार मंडल चुनाव: चंदन सेठ बने अध्यक्ष और रोहित मौर्य महामंत्री, जानें किसे मिले कितने वोट

 

चंदौली के सैदूपुर व्यापार मंडल चुनाव में चंदन सेठ ने 149 वोटों से अध्यक्ष और रोहित मौर्य ने 102 वोटों से महामंत्री पद पर जीत हासिल की। भारी गहमागहमी और पुलिस सुरक्षा के बीच 387 व्यापारियों ने मतदान किया।

 
 

सैदूपुर व्यापार मंडल चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

अध्यक्ष पद पर चंदन सेठ निर्वाचित

रोहित मौर्य बने नए महामंत्री

धर्मेंद्र कुमार गुप्ता निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने गए

कुल 387 व्यापारियों ने डाला वोट

चंदौली जिले की चकिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सैदूपुर का त्रिवर्षीय चुनाव बुधवार को भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। बाजार के कुल 407 पंजीकृत मतदाताओं में से 387 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए गए।

अध्यक्ष और महामंत्री पद पर बड़े अंतर से मिली जीत
अध्यक्ष पद के चुनाव में चंदन सेठ को कुल 264 मत हासिल हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज गुप्ता को 115 मत मिले। अध्यक्ष पद के 8 वोट खराब पाए गए, जिसके बाद चंदन सेठ को 149 वोटों के बड़े अंतर से विजयी घोषित किया गया।

वहीं दूसरी ओर महामंत्री पद पर रोहित मौर्य ने 238 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी रोहित केशरी को 136 मत मिले। इस पद के 13 मतपत्र अमान्य पाए गए और रोहित मौर्य 102 वोटों के अंतर से चुनाव जीत गए।

उम्र कम होने से पर्चा खारिज, कोषाध्यक्ष बने निर्विरोध
कोषाध्यक्ष पद के लिए धर्मेंद्र कुमार गुप्ता और किशन कुमार जायसवाल ने अपना नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, जांच के दौरान किशन कुमार जायसवाल की उम्र निर्धारित मानक से कम पाई गई, जिसके कारण उनका पर्चा अवैध घोषित कर खारिज कर दिया गया। इसके बाद धर्मेंद्र कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।

देरी से शुरू हुआ मतदान, मुख्य अतिथि ने दी बधाई
निर्धारित समय सुबह 9 बजे के बजाय वोटिंग डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 10:30 बजे शुरू हुई और दोपहर 3 बजे तक चली। चुनाव अधिकारी चंदेश्वर जायसवाल ने सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए निष्ठा से काम करने की बात कही। मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ चुनाव
चुनावी माहौल के दौरान प्रदेश संगठन मंत्री अशोक कुमार गुप्त, जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल, मनोहर केसरी, महमूद आलम और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। चुनाव को सकुशल कराने में पुलिस टीम का अहम योगदान रहा। प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह और चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय की अगुवाई में पुलिस बल की तैनाती से पूरी व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी रही।