सामुदायिक शौचालयों की बदहाल स्थिति जारी, SHG वाले नहीं खोलते हैं शौचालय

रघुनाथपुर शौचालय पर शिकायत मिलने के बाद ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो ग्राम निधि खाते पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
 

सामुदायिक शौचालयों की हालत बदहाल

रघुनाथपुर शौचालय पर जंग लगा ताला

ग्रामीणों को नहीं मिल रहा इस सरकारी सुविधा का लाभ

प्रधान भी दिख रही हैं लाचार

चंदौली जिले के चकिया विकास खंड के कई गांवों में बने सामुदायिक शौचालय शासन की योजनाओं के बावजूद उपयोग के लायक नहीं हैं। रघुनाथपुर ग्राम पंचायत के मुरारपुर मोड़ स्थित सामुदायिक शौचालय पर ताला जंग लगा हुआ है और यह कई महीनों से बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय बस्ती से काफी दूर निर्जन जगह पर होने के कारण उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है।

आपको बता दें कि स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूह की जिम्मेदारी शौचालय की देखभाल और सफाई की है, लेकिन अध्यक्ष और सदस्यों का मानदेय कई महीने से नहीं दिया गया। इसका असर यह हुआ कि शौचालय पर ताले लग गए और नियमित सफाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय में जाने के लिए कोई आम रास्ता नहीं है और हनुमान मंदिर के गेट से ही पहुंचा जा सकता है।

चकिया के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) नारायण दत्त तिवारी ने बताया कि सामुदायिक शौचालयों की निगरानी ऑनलाइन की जा रही है। शौचालय खोलने और बंद करने की फोटो नियमित रूप से अपलोड की जाती है। रघुनाथपुर शौचालय पर शिकायत मिलने के बाद ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो ग्राम निधि खाते पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानों का कहना है कि शौचालय मनरेगा और चौदहवें वित्त आयोग के तहत बनाया गया है और देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की है। कुदरा और अन्य गांवों के शौचालय भी इसी प्रकार की स्थिति में हैं।

ग्रामीणों ने शासन और स्थानीय अधिकारियों से आग्रह किया है कि शौचालयों की नियमित सफाई और संचालन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सुधार नहीं हुआ, तो यह परियोजना ग्रामीणों के लिए लाभकारी नहीं रह पाएगी और स्वच्छता अभियान को पलीता लगेगा।

सामुदायिक शौचालयों की वर्तमान स्थिति यह दिखाती है कि योजना तो सही है, लेकिन उसके क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही हो रही है, जिससे ग्रामीणों की सुविधा और स्वास्थ्य जोखिम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।