सावित्रीबाई फुले पीजी कॉलेज में गूंजा नारी सशक्तिकरण का नारा, ऊर्जा संरक्षण के लिए छात्र-छात्राओं ने दिखाई राह

चकिया स्थित सावित्रीबाई फुले राजकीय महाविद्यालय के एनएसएस शिविर के छठे दिन ऊर्जा संरक्षण और नारी सशक्तिकरण पर विशेष संगोष्ठी हुई। स्वयंसेवकों ने समाज में महिलाओं की भागीदारी और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया।

 

एनएसएस विशेष शिविर का छठा दिन

ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जागरूकता सत्र

नारी सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर जोर

स्वयंसेवकों ने प्रस्तुत किए विचार और नारे

डॉ. सुरेन्द्र सिंह और डॉ. कलावती का नेतृत्व

चंदौली जिला के चकिया स्थित सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस पर शनिवार को ऊर्जा संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह और डॉ. कलावती के नेतृत्व में किया गया।

शिविर की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा परिसर की साफ-सफाई तथा बैनर-पोस्टर को व्यवस्थित करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी में अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विश्व प्रकाश शुक्ल ने कहा कि ऊर्जा हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। बढ़ती जनसंख्या और औद्योगिक विकास के कारण ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बिजली, पानी, पेट्रोल और डीजल का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए। अनावश्यक लाइट-पंखे बंद रखना तथा सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों का उपयोग बढ़ाना ऊर्जा संरक्षण के प्रभावी उपाय हैं।

हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रमाकांत गौड़ ने नारी सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक अधिकारों के माध्यम से सशक्त बनाना आवश्यक है। जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं, तब वे परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और स्वयं सहायता समूह जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने में सहायक साबित हो रही हैं।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने ऊर्जा संरक्षण और नारी सशक्तिकरण विषय पर रैली निकालकर चौहान और मुस्लिम मलिन बस्ती, मुहम्मदाबाद व शेरपुर के आसपास के लोगों को स्लोगन के माध्यम से जागरूक किया।

कार्यक्रम में रोशन मौर्या, अमन, अजय, कृष्ण कल्याणकर और विनय की टोली नंबर छह ने नाश्ता व भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई। वहीं महिमा, नाज, सादिया और गरिमा यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का स्वागत डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कलावती ने किया।