स्कूल चलो अभियान चलाकर सरकारी स्कूलों में हाजिरी बढ़ाने की कोशिश, निकाली गयी जागरुकता रैली

खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष अभियान के तहत गाँव-गाँव जाकर सर्वेक्षण किया गया है, ताकि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे।
 

हर बच्चा स्कूल जाए और शिक्षा का दीप जलाए

स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

कई अधिकारियों व नेताओं ने दिखायी हरी झंडी

शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने और समाज में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक में मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के तहत एक प्रभावशाली और प्रेरणादायी जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली ने न केवल बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व का संदेश दिया, बल्कि समाज में शिक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल भी तैयार किया।

रैली का शुभारंभ ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर से खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, ग्राम प्रधान रामजीत साहनी और भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में कंपोजिट विद्यालय शहाबगंज और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बच्चों ने हाथों में रंग-बिरंगे पोस्टर और तख्तियाँ लेकर "हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षा का दीप जलाए", "शिक्षा है अधिकार हमारा", "बेटी पढ़ाओ देश बढ़ाओ" जैसे प्रेरक नारे लगाए। रैली ब्लॉक संसाधन केंद्र से होते हुए सोनकर तिराहा, हनुमान मंदिर और मुख्य बाजार से गुजरते हुए कंपोजिट विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।

खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने इस अवसर पर कहा, “शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर करने वाला दीपक है। जब तक अंतिम बच्चा स्कूल नहीं जाएगा, विकास अधूरा रहेगा। यह अभियान सिर्फ सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत है।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अवश्य स्कूल भेजें और उन्हें शिक्षित बनाएं।

खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष अभियान के तहत गाँव-गाँव जाकर सर्वेक्षण किया गया है, ताकि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल नामांकन नहीं, बल्कि बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करना है।

रैली के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर घर में शिक्षा की ज्योति जले। रैली के दौरान उपस्थित जनसमूह में शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर बबिता कुमारी, विजई प्रसाद, अजय सिंह, सपना, अच्युतानंद, रामपति, मुसाफिर सिंह, प्रवीण पांडेय, संतोष त्रिपाठी, यूनुस खान, वर्षा कुमारी, विनोद कुमार, अंजलि, शिक्षक नेता केशरी नंदन जायसवाल, भूपेंद्र सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जागरूकता रैली न केवल सफल रही, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता की एक नई लहर लेकर आई।