चकिया के राजकीय कॉलेज में बीए की सीटें बढ़ीं, छात्रों को मिलेगा फायदा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का बड़ा फैसला
बीए प्रथम वर्ष की सीटों में 33% की बढ़ोतरी
अब और अधिक छात्रों को मिलेगा दाखिले का अवसर
प्राचार्य डॉ. संगीता सिन्हा ने दी जानकारी
चंदौली जिले के चकिया में उच्च शिक्षा की दिशा में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने एक बड़ा निर्णय लिया है। गुरुवार को विद्यापीठ प्रशासन ने चकिया तहसील के सावित्रीबाई फुले राजकीय महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इस फैसले से उन छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी, जो अब तक प्रवेश न मिलने के कारण निराश थे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिन्हा ने जानकारी दी कि सीटें बढ़ाए जाने से कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया पुनः शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज से संपर्क कर जल्द से जल्द एडमिशन ले सकते हैं।
चकिया क्षेत्र का यह एकमात्र राजकीय महाविद्यालय मोहम्मदाबाद शेरपुर ग्राम सभा में स्थित है। यहां स्नातक और परास्नातक दोनों स्तरों पर शिक्षा की व्यवस्था है। कॉलेज से हर साल सैकड़ों विद्यार्थी उच्च शिक्षा ग्रहण कर क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं।
स्थानीय अभिभावकों और छात्रों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी कॉलेज में पढ़ाई का अवसर मिलेगा, जिससे निजी संस्थानों की तुलना में आर्थिक बोझ भी कम होगा।