DCM और बाइक की टक्कर:  पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत, ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

चंदौली के शाहबगंज में रविवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व सैनिक राजेश यादव की मौत हो गई। ड्यूटी से घर लौट रहे राजेश की बाइक डीसीएम ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

 
 

फतेहपुर खुर्द के पास भीषण सड़क हादसा

डीसीएम ट्रक और बाइक की टक्कर

पूर्व सैनिक की इलाज के दौरान मौत

ड्यूटी से घर लौट रहे थे राजेश

पुलिस ने ट्रक और ड्राइवर को पकड़ा

चंदौली: जनपद के शाहबगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर खुर्द के पास रविवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। इस हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

ऐसे हुआ एक्सीडेंट
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक ब्रेड लदा डीसीएम ट्रक चंदौली से शाहबगंज होते हुए चकिया की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन चकिया-चंदौली मार्ग पर फतेहपुर खुर्द गांव के समीप पहुंचा, सामने से आ रही बुलेट बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।

रिलायंस कंपनी में निजी सुरक्षा गार्ड की करते थे नौकरी 
गंभीर रूप से घायल बुलेट सवार को एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजेश यादव (45) निवासी महदमपुर, कैथवलिया, सदर कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में नौगढ़ क्षेत्र में रिलायंस कंपनी में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर वापस घर लौट रहे थे कि रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, दुर्घटना में शामिल डीसीएम ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।