शहाबगंज के BDO भी निकले ऑफिस से बाहर, देखा पंचायतों में कामकाज का हाल
 

निरीक्षण के दौरान बीडीओ दिनेश सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार सभी पंचायत सहायकों को नियमित रूप से पंचायत भवन पर उपस्थित रहकर कार्यालय कार्यों का निष्पादन करना अनिवार्य है।
 

निरीक्षण में अनुपस्थित मिले पंचायत सहायक

बीडीओ ने दी गायब लोगों को कड़ी चेतावनी

ठेकहा पंचायत भवन पर गैरहाजिर सहायक के खिलाफ होगी कार्रवाई

चंदौली जिले के शहाबगंज विकास खंड के पंचायत भवनों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) दिनेश सिंह ने सोमवार को क्षेत्र के ठेकहा, किड़िहिरा और राममाड़ो पंचायत भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकहा पंचायत भवन के पंचायत सहायक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

बीडीओ बोले-लापरवाही पर होगी सख्ती   
निरीक्षण के दौरान बीडीओ दिनेश सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार सभी पंचायत सहायकों को नियमित रूप से पंचायत भवन पर उपस्थित रहकर कार्यालय कार्यों का निष्पादन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों की स्थिति, उपस्थिति रजिस्टर और जनसेवा की गुणवत्ता पर ब्लॉक स्तर के अधिकारी नियमित निगरानी करते रहें, ताकि लापरवाही सामने आते ही तुरंत एक्शन लिया जा सके।

फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
बीडीओ ने सभी उपस्थित पंचायत सहायकों को सप्ताह में कम से कम एक दिन फैमिली आईडी बनाने का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह कार्य आमजन की सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक है।

अनुपस्थित सहायक पर कार्रवाई के निर्देश
ठेकहा पंचायत के सहायक की अनुपस्थिति पर बीडीओ ने संबंधित ग्राम सचिव को रिपोर्ट तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जिम्मेदारियों में कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।