पहले साहब सोते रहे और अब शिवशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने का कर रहे दावा, रात के अंधेरे में चल रहा खेल
शहाबगंज के बेन रजवाहा में नहर निर्माण में भारी लापरवाही सामने आई है। शिवशक्ति कंस्ट्रक्शन पर रात के अंधेरे में खराब साइड वॉल गिराकर सबूत मिटाने का आरोप लगा है। सिंचाई विभाग ने कंपनी का भुगतान रोककर ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश की है।
बेन रजवाहा नहर निर्माण में भारी खामियां
रात के अंधेरे में ढहाई गई लटकती साइड वॉल
150 बीघे जमीन की सिंचाई में छूट रहे पसीने
शिवशक्ति कंस्ट्रक्शन का रोका गया भुगतान
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट व जेल भेजने की मांग
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत बेन रजवाहा में आदर्श नहर निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के बारह बजे लाइटें बुझाकर शिवशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के आदमियों ने बटौवा फाल की नहर में पानी आते ही लटक रही साइड वॉल (दीवार) को नीचे गिरा दिया, ताकि उनकी खराब निर्माण कला का सबूत मिट सके।
किसान विकास मंच ने किया औचक निरीक्षण
सुबह होते ही इस गड़बड़ी की भनक लगते ही किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बटौवा फाल से लेकर डिहरी फाल तक पैदल चलकर नहर का निरीक्षण किया। मंच के सूर्य नारायण चौबे उर्फ डब्बू चौबे ने बताया कि डिहरी फाल के पश्चिम तरफ लिंक नाली नहीं बनाई गई है, जिसके कारण तियरी और डिहरी गांव के किसानों की लगभग 150 बीघे जमीन की सिंचाई करने में दांत खट्टे हो जाते हैं। नहर का पानी खेतों में जाने से पहले ही पीडब्ल्यूडी के गड्ढे से होकर नीचे बह जाता है।
धंस गई नई दीवार, टूटने लगी पुल की रेलिंग
निरीक्षण के दौरान किसानों ने डिहरी पुल पर बनी साइड वॉल की बदहाली को भी दिखाया। उन्होंने बताया कि गेहूं की पहली सिंचाई का पानी आते ही यह पूरी दीवार धंस गई थी, जिसे आज तक ठीक नहीं किया गया। यही नहीं, नए बने पुल की रेलिंग भी अभी से टूटने लगी है। गुस्साए किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि 'पानी नहीं तो किसानी नहीं' और अंधेरे में सबूत मिटाने वाले ठेकेदार को सीधे जेल भेजने की मांग की।
कंपनी को ब्लैकलिस्ट और जुर्माने की तैयारी
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने इन सभी गंभीर समस्याओं से सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार और अवर अभियंता दीपक मिश्रा को अवगत कराया। इस पर अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि शिवशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इस काम को दो साल तक लटकाए रखा और अभी भी बहुत काम बाकी है। इसी वजह से कंपनी का भुगतान रोक दिया गया है और अब तक केवल 1 करोड़ 25 लाख रुपये का ही भुगतान हुआ है। विभाग ने जिलाधिकारी से इस कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और भारी जुर्माना लगाने की सिफारिश की है।
इस पूरे मौके पर राम अवध सिंह, सूर्य नारायण चौबे उर्फ डब्बू चौबे, लक्ष्मण प्रसाद चौहान, मान सिंह चौहान और सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में पीड़ित किसान उपस्थित रहे।