शहाबगंज में शिक्षकों ने फूंका जागरूकता का बिगुल, अब मोबाइल से खुद कर सकेंगे स्वगणना

 

भारत की जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए शहाबगंज के शिक्षकों ने विशाल जागरूकता रैली निकाली। खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में ग्रामीणों को ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल और सटीक डेटा के महत्व की जानकारी दी गई। जानिए आप खुद अपनी गणना कैसे कर सकते हैं।

 

शिक्षकों की विशाल जागरूकता रैली

ऑनलाइन पोर्टल से होगी स्वगणना

सटीक आंकड़ों से बनेगा सशक्त भारत

मकान की सही लोकेशन दर्ज करना अनिवार्य

विकास योजनाओं की नींव है जनगणना

चंदौली जिले में भारत की जनगणना 2027 को सफल बनाने और डिजिटल भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहाबगंज ब्लॉक में शिक्षकों ने एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। 'हर नागरिक की भागीदारी से बनेगा सशक्त भारत' के नारे के साथ शिक्षकों ने जन-जन तक जनगणना का संदेश पहुँचाया।

खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जागरूकता का बिगुल
जागरूकता रैली का शुभारंभ ब्लॉक संसाधन केंद्र से खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में हुआ। रैली में विकासखंड के बड़ी संख्या में शिक्षक हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शिक्षकों ने नारों के माध्यम से लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक किया और ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया समझाई।

ऑनलाइन स्वगणना: मोबाइल से भरें अपनी जानकारी
रैली के दौरान शिक्षकों ने नागरिकों को बताया कि जनगणना पोर्टल के माध्यम से अब लोग स्वयं अपनी गणना कर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया साझा करते हुए उन्होंने बताया। इसके लिए नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए पोर्टल पर लॉग-इन कर सकते हैं। साथ ही साथ पूरे स्टेप को फॉलो करना होगा।

-परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण करना होगा।

-परिवार एवं मकान से संबंधित सभी जानकारियों को ऑनलाइन सही-सही भरना होगा।

-गणना के दौरान मकान की सही लोकेशन दर्ज करना अनिवार्य है ताकि क्षेत्रवार डेटा सटीक रहे।

विकास योजनाओं की नींव है जनगणना
खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़ों का संग्रह मात्र नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य और विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। सरकार इन्हीं आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और बिजली जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का खाका तैयार करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह राष्ट्रीय कर्तव्य है कि वह अपनी सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराए।


इस विशाल जागरूकता रैली में मुख्य रूप से केशरी नंदन जायसवाल, बिजई प्रसाद, मनोज कुमार, भूपेंद्र यादव, आदर्श कुमार, संजय सिंह, विनोद कुमार सिंह, अवधेश कुमार, मेराज खान, मुसाफिर सिंह, कृष्णानंद, हरिओम पाण्डेय, पियूष कांत पाण्डेय, कृष्णकुमार सिंह, रमेश मौर्या, विनोद सिंह, अशोक प्रजापति और मनोज दयाल सहित ब्लॉक के तमाम शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।