घर लौट रहे 22 वर्षीय अजय की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
 

चंदौली के शहाबगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 22 वर्षीय युवक अजय कुमार सिंह की मौत हो गई। इलाज के दौरान वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 
 

तेज रफ्तार डंपर से हादसा


बाइक सवार युवक की मौत


ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम


वाहन कब्जे में, चालक फरार


ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग

चंदौली जिला के शहाबगंज थाना क्षेत्र के तीरों गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीरों गांव निवासी सुनील सिंह का पुत्र अजय कुमार सिंह उर्फ डेंटी (22) मंगलवार की शाम विशुनपुरा से दवा लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार डंपर (वाहन संख्या सीजी 04 क्यूएल 1875) ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए चंदौली के सूर्या हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए युवक को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोगों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के दादा श्रीराम सिंह ने थाने में लिखित तहरीर देकर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने वाहन संख्या के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।