शहाबगंज PHC बना पार्किंग स्थल, मरीजों से ज्यादा बाइकों का कब्ज़ा

वाहनों के कब्ज़े के चलते अस्पताल का मुख्य गेट अक्सर जाम रहता है, जिससे आपात स्थिति में एम्बुलेंस, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर निकालना भी मुश्किल हो जाता है।
 

अस्पताल परिसर में बाइकों की लंबी कतार

एसडीएम विनय कुमार मिश्रा के निर्देश भी बेअसर

होमगार्ड की ड्यूटी के बावजूद वाहनों पर रोक नहीं

मुख्य गेट पर जाम की स्थिति

मरीजों की आवाजाही प्रभावित

चंदौली जनपद के शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का हाल बेहाल है। यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों से ज्यादा जगह बाइकों ने कब्जा जमा रखा है। अस्पताल परिसर में खड़ी मोटरसाइकिलों की लंबी कतार से मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में भारी दिक्कत होती है।

आपको बता दें कि बीते दिनों उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था और प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.बी. शर्मा को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अस्पताल परिसर में किसी भी हाल में वाहन न खड़े हों, ताकि मरीजों को असुविधा न हो। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन ने इस पर कोई अमल नहीं किया और हालात जस के तस बने हुए हैं।

हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में प्रतिदिन होमगार्ड की ड्यूटी रहती है, फिर भी वाहन रोकने में नाकामी साफ दिखती है। मरीजों का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण उन्हें इलाज से ज्यादा समय बाइकों के बीच से निकलने में लग जाता है।

वाहनों के कब्ज़े के चलते अस्पताल का मुख्य गेट अक्सर जाम रहता है, जिससे आपात स्थिति में एम्बुलेंस, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर निकालना भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जब एसडीएम के निर्देश के बाद भी व्यवस्था नहीं सुधर रही है, तो यह जिम्मेदारों की लापरवाही और मंशा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। मरीजों के लिए बने अस्पताल को पार्किंग स्थल बना दिया गया है।”