शहाबगंज PHC में एक हफ्ते में चालू होगी हेल्थ एटीएम मशीन, विधायक कैलाश आचार्य ने दिए निर्देश
शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से बंद पड़ी हेल्थ एटीएम मशीन जल्द चालू होगी। विधायक कैलाश आचार्य ने सीएमओ से बात कर एक सप्ताह के भीतर मशीन शुरू कराने का निर्देश दिया है।
शहाबगंज पीएचसी में हेल्थ एटीएम मशीन होगी चालू
विधायक कैलाश आचार्य ने सीएमओ को दिए निर्देश
मरीजों को मिलेगी 20 से अधिक त्वरित जांचें
निजी पैथोलॉजी के चक्कर और खर्च से राहत
भाजपा नेता मंटू सिंह की पहल लाई रंग
चंदौली जिले के शहाबगंज स्थित स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीХसी) में लंबे समय से धूल फांक रही हेल्थ एटीएम मशीन को दोबारा संचालित कराने के लिए प्रशासनिक पहल तेज हो गई है। चकिया क्षेत्र के विधायक कैलाश आचार्य ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से दूरभाष पर वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर मशीन को हर हाल में चालू कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
भाजपा नेता मंटू सिंह ने विधायक से की थी शिकायत
शुक्रवार को भाजपा नेता प्रेम नारायण सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विधायक कैलाश आचार्य से मुलाकात कर उन्हें पीएचसी की स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित हेल्थ एटीएम मशीन काफी दिनों से खराब पड़ी है। इस कारण स्थानीय मरीजों को तत्काल मिलने वाली जांच सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत सीएमओ से बात की।
एक ही जगह मिलेगी 20 से अधिक बीमारियों की जांच
हेल्थ एटीएम मशीन के पुनः शुरू होने से मरीजों को वजन, लंबाई, बीएमआई (BMI), बॉडी फैट, शरीर का तापमान, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन स्तर (SpO₂), पल्स रेट, ब्लड शुगर, HbA1c, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल (कोलेस्ट्रॉल) और यूरिक एसिड की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, एचआईवी की रैपिड जांच, ईसीजी, फेफड़ों की कार्यक्षमता (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट), आंखों की रोशनी, कलर ब्लाइंडनेस, मूत्र एवं गर्भावस्था परीक्षण जैसी तमाम जांचें कुछ ही मिनटों में हो जाएंगी।
निजी पैथोलॉजी के चक्कर और आर्थिक बोझ से मुक्ति
इस आधुनिक सुविधा के शुरू हो जाने से क्षेत्र के ग्रामीण मरीजों को अब निजी पैथोलॉजी सेंटरों और महंगे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे डॉक्टरों को भी सही इलाज करने में मदद मिलेगी और मरीजों का समय व धन दोनों बचेगा। भाजपा नेता प्रेम नारायण सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विधायक के इस त्वरित हस्तक्षेप पर आभार जताया और कहा कि इससे हजारों ग्रामीणों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
ग्रामीणों को नजदीकी स्वास्थ्य सेवा देना प्राथमिकता: विधायक
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि शहाबगंज क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के पास ही सभी जांच सुविधाएं मिलें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीएमओ को एक सप्ताह की समय सीमा दी गई है, ताकि मरीजों को जांच और इलाज के लिए बेवजह परेशान न होना पड़े।