नवरात्रि में पुलिस की शुरू हुयी गश्त, अराजक तत्वों को दे रहे हैं वार्निंग

सीओ रघुराज ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
 

नवरात्रि के दौरान शहाबगंज पुलिस अलर्ट

CO रघुराज ने कहा- सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

बाजार में जारी है पुलिस की गश्त

चंदौली जिले के शहाबगंज थाना पुलिस आगामी नवरात्रि त्यौहार के मद्देनज़र पूरी तरह से मुस्तैद है। शनिवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) रघुराज और थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने भारी पुलिस बल के साथ बड़गावां और शहाबगंज कस्बा में पैदल गश्त किया, जिससे आम जनता में सुरक्षा का एहसास दिलाया जा सके।

पैदल गश्त के दौरान, सीओ रघुराज ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि शांति व सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीओ रघुराज ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पंडालों के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी, ताकि लोग निश्चिंत होकर त्योहार मना सकें।

इस दौरान कस्बा बाजार में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व लड़कियों को जागरूक भी किया गया। सीओ ने जनता से अपील की कि त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी पुलिस के साथ-साथ जनता की भी है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।

पैदल गश्त में उपनिरीक्षक संगम लाल दुबे, रामचंद्र शाही, कमलाकांत यादव, प्रेम सिंह, शिवपुजन सिंह, कांस्टेबल संतोष यादव, राजू चौहान, नीतू भारती सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।