इसलिए बेटे ने प्रधान मां की बात से नाराज होकर असलहे से मारी ली गोली, घर में तड़पते रहे छोटे-छोटे मासूम बच्चे

चंदौली के शहाबगंज में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। उदयपुरा गांव में मां से पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद पूर्व प्रधान के बेटे ने खुद को गोली मार ली। वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

 

चंदौली के उदयपुरा गांव में गोली चलने से हड़कंप

मां से विवाद के बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम

असलहे से सीने में मारी गोली

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान युवक की मौत

शहाबगंज पुलिस जांच और सबूत जुटाने में जुटी

चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाले शिवम उर्फ उत्कर्ष ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। गोली सीधे उसके सीने के बाईं तरफ लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन उसे इलाज के लिए आनन-फानन में वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शिवम को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

शहाबगंज के उदयपुरा में प्रधान के बेटे ने खुद को गोली मारी, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #chakiyanews #chakiya pic.twitter.com/IrMzkIZOFY

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 27, 2026


मां से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
मिली जानकारी के अनुसार शिवम शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब और अपने अन्य खर्चों के लिए घर पर माता-पिता से पैसे मांगता रहता था। गुरुवार को भी पैसे मांगने को लेकर उसकी मां से कहासुनी और विवाद हो गया। इसी बात से गुस्सा होकर शिवम ने घर में रखे असलहे से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद से ही परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। शिवम की शादी शहाबगंज के जेंगुरी गांव में छाया सिंह (28 वर्ष) से हुई थी। शिवम अपने पीछे पत्नी, 6 साल की बेटी देवकी और डेढ़ साल के बेटे राम को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर हाल बुरा था। 

पिता रह चुके हैं प्रधान, मां हैं वर्तमान प्रधान
शिवम का परिवार गांव का प्रतिष्ठित परिवार माना जाता है। उसके पिता अशोक सिंह गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं, जबकि उसकी माता इंदु सिंह वर्तमान में गांव की प्रधान हैं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा और अफरा-तफरी का माहौल है।

पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक द्वारा खुद को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। शहाबगंज पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटा रही है। वहीं, युवक की मौत के बाद शव को वाराणसी में ही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है, जहां आगे की सभी कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।