शहाबगंज के उदयपुरा में प्रधान के बेटे ने खुद को गोली मारी, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
चंदौली के उदयपुरा गांव में गोली चलने से हड़कंप
शहाबगंज के ग्राम प्रधान के बेटे ने उठाया आत्मघाती कदम
सीने के बाईं ओर लगी गोली, इलाज के दौरान मौत
बीएचयू ट्रामा सेंटर में लड़ता रहा जिंदगी और मौत की जंग
पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा गांव से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार को गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान अशोक सिंह के पुत्र शिवम उर्फ उत्कर्ष ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। गोली सीधे शिवम के सीने के बाईं ओर जाकर लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही घर में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण सन्न रह गए।
परिजनों में मचा कोहराम, ट्रॉमा सेंटर रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने बिना एक पल भी गंवाए घायल शिवम को संभाला और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। युवक की सीने में गोली लगने के कारण हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज के दौरान मौत हो गयी।
कदम उठाने की वजह अभी तक अस्पष्ट
इस खौफनाक कदम के पीछे का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। युवक ने आखिर किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामला पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत तनाव या कुछ और है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद से ही परिवार में रोना-पीटना मचा हुआ है और पूरे गांव में चिंता का माहौल व्याप्त है।
मामले की जांच में जुटी शहाबगंज पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि उदयपुरा गांव में युवक द्वारा खुद को गोली मारे जाने की खबर मिली है। गोली सीने के बाईं तरफ लगी है और परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।