शिकारगंज रजवाहा का तटबंध टूटा, खेतों में बहा सिंचाई का पानी; विभाग की लापरवाही पर भड़के किसान

 

 चंदौली के चकिया में शनिवार रात शिकारगंज रजवाहा का तटबंध टूटने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। नहरों की सफाई न होने से नाराज किसानों ने अब बंधी डिवीजन कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है।

 
 

शिकारगंज रजवाहा का तटबंध टूटा

सिंचाई विभाग के खिलाफ आक्रोश

चकिया बंधी डिवीजन घेराव चेतावनी

आधुनिक जैक रेगुलेटर की मांग

जर्जर नहरों से किसान परेशान

चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतर गई है। शनिवार रात को जब शिकारगंज रजवाहा में पानी छोड़ा गया, तो वह अपनी मंजिल तक पहुँचने से पहले ही रास्ते में बह गया। भोका बंधी के हेड से कुछ ही दूरी पर रजवाहा का करीब 10 से 11 फीट लंबा तटबंध टूट गया।

तटबंध टूटने की वजह से पानी खेतों तक पहुँचने के बजाय व्यर्थ बहने लगा, जिससे इलाके के किसानों को गहरा धक्का लगा है। किसान पहले से ही सूखे जैसे हालात और पानी की कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे में तटबंध टूटना उनके लिए किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है।

सफाई न होने से बढ़ा पानी का दबाव, झाड़ियों से पटी नहर
किसानों का सीधा आरोप है कि सिंचाई विभाग की सुस्ती के कारण यह नौबत आई है। शिकारगंज बाजार के पास नहर में जगह-जगह घास-फूस और झाड़ियां उगी हुई हैं, जिनकी समय पर सफाई नहीं की गई। सफाई न होने से पानी का बहाव रुक गया और दबाव बढ़ने के कारण तटबंध टूट गया।

किसानों का कहना है कि अगर विभाग ने नहर की समय पर मरम्मत और झाड़ियों की कटाई कराई होती, तो आज यह नुकसान नहीं झेलना पड़ता। सिंचाई की इस अव्यवस्था ने किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है, क्योंकि उनकी फसल पानी के बिना सूखने की कगार पर है।

 अधिकारियों की अनदेखी बनी मुसीबत
किसान नेता सरोज कुमार यादव ने बताया कि यहाँ आज भी पानी के वितरण के लिए लकड़ी के पटरे जैसी पुरानी तकनीक का इस्तेमाल होता है। उन्होंने मांग की है कि यहाँ आधुनिक 'जैक रेगुलेटर सिस्टम' लगाया जाए, ताकि पानी के दबाव को आसानी से नियंत्रित किया जा सके और भविष्य में तटबंध न टूटें।

हैरानी की बात यह है कि इस समस्या के बारे में जिलाधिकारी और बंधी डिवीजन के अफसरों को 'किसान दिवस' में पहले ही बताया गया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिकारियों की इसी अनदेखी ने आज किसानों को आंदोलन की राह पर धकेल दिया है।

किसानों ने दी चकिया बंधी डिवीजन के घेराव की चेतावनी
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह और अन्य किसानों ने अधिशासी अभियंता से तत्काल सफाई और मरम्मत की मांग की है। किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि बंधी डिवीजन के अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करें और पानी को नहर के अंतिम छोर तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।

किसानों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही रजवाहा की मरम्मत और सिंचाई व्यवस्था ठीक नहीं हुई, तो वे चकिया स्थित बंधी डिवीजन कार्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान ब्रजेश यादव, जोखन यादव और शिवाजी पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों पर डटे नजर आए।