ग्रामीण युवाओं को खेलकूद के लिए प्रोत्साहित किया गया

विधायक कैलाश आचार्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया "खेलो इंडिया अभियान" ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
 

आदित्य नारायण इंटर कालेज के मैदान पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता

जिला ओलिंपिक एसोसिएशन की ओर से हुआ आयोजन

विधायक कैलाश आचार्य और नगर चेयरमैन बने मुख्य अतिथि

चंदौली जिले के चकिया में स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कालेज के खेल मैदान पर रविवार को एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यह आयोजन जिला ओलिंपिक एसोसिएशन की ओर से कराया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को विधायक कैलाश आचार्य और नगर चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया "खेलो इंडिया अभियान" ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलकूद के प्रति अधिक से अधिक रुचि लें और आगे बढ़ें। वहीं, नगर चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती का अवसर दे रहे हैं, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया। 1500 मीटर दौड़ (सीनियर वर्ग) में नीतीश कुमार, रमाकांत और रितिक यादव ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में रामबाबू, सूरत विश्वकर्मा और रवि सिंह विजेता बने। गोला प्रक्षेप में अवनीश यादव, आशुतोष यादव और अमित सिंह ने सीनियर वर्ग में बाजी मारी, जबकि जूनियर वर्ग में संदीप कुमार, मिथिलेश कुमार और प्रभात यादव विजेता रहे।

लंबी कूद, डिसकस, भाला प्रक्षेप और 100 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खासतौर पर सनराइज वर्ल्ड स्कूल मवैया के छात्र पूरे आयोजन में छाए रहे।

इस कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, कैलाश जायसवाल, प्रधानाध्यापक राजेश पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। खिलाड़ियों और अतिथियों ने इस आयोजन को ग्रामीण युवाओं के खेल विकास की दिशा में सराहनीय कदम बताया।