जंगल की जमीन पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं, ट्रैक्टर को पकड़कर किया सीज
वन विभाग की जमीन पर अवैध ढंग से कर रहे थे जुताई
जंगल की जमीन जोतते पकड़ा गया ट्रैक्टर
वन विभाग में ट्रैक्टर सीज करने की कर दी कार्रवाई
जंगल में अवैध कब्जा करने वालों में मचा हड़कंप
चंदौली जिला के चकिया रेंज के अंतर्गत मुसाखाड़ भभौरा बीट संख्या 15 ब में बुधवार को वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की भूमि पर जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। उसे रेंज कार्यालय लाकर सीज करने की कार्रवाई के शॉर्ट एच2 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय वनाधिकारी अश्विनी चौबे को सूचना मिली कि बीट संख्या 15 ब में वन विभाग की भूमि पर अवैध तरीके से जुताई की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वे वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों की टीम को देखते ही चालक जुताई कर रहे ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।स्थानीय लोगों से पूछताछ में ट्रैक्टर कमला बिंद का बताया गया।
वन विभाग की टीम ने तत्काल ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया और उसे सीज करने की कार्रवाई के साथ वन अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध ढंग से कब्जा करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आए दिन वनविभाग की भूमि पर अवैध जुताई या कब्जे की कोशिश की जाती है। विभाग द्वारा की गई यह कार्रवाई ऐसे लोगों के लिए चेतावनी है, जो सरकारी भूमि पर अवैध कार्य करने की फिराक में रहते हैं।
इस अभियान में क्षेत्रीय वनाधिकारी अश्विनी चौबे के साथ डिप्टी रेंजर आनंद दूबे, वनदरोगा रामअशीष, शिवबख्श, आदित्य समेत कई वनकर्मी मौजूद रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभागीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।