3 दिन से गांव के लोग कर रहे हैं बिजली ट्रांसफार्मर बदलने का इंतजार, अंधेरे में रहने को मजबूर हैं गांव के लोग
3 दिनों से जला है गांव का ट्रांसफार्मर
पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी लापरवाह बने हुए
नहीं है शासन के निर्देशों का जरा भी ख्याल
अंधेरे और गर्मी में रहने को भी विवश है ग्रामीण
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत खरौझा गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से जला पड़ा हुआ है। जिससे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है। सूचना दिए जाने के बाद भी दो दिन बीत गए अभी तक बदलकर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
खरौझा गांव के पश्चिमी छोर पर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर आधे भाग को बिजली की आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की शाम ट्रांसफार्मर धूं-धूं कर जल गया। जिसकी सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दी गई उसके बाद भी तीन दिन बीत गया अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जबकि प्रदेश की योगी सरकार ट्रांसफार्मर जलने की सूचना दिए जाने के 24 घंटे के अंदर नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति किए जाने का निर्देश दिया गया है बावजूद विभागीय अधिकारी शासन के निर्देशों का धज्जिया उड़ा रहे हैं। जिससे ग्रामीण अंधेरे में रहने के साथ-साथ उमस भरी गर्मी तथा बिजली पर आधारित तमाम समस्याओं से परेशान हैं।
गांव के विश्वनाथ दुबे, श्यामलाल विश्वकर्मा, राजन, गोपाल, अशोक, सुनील, सियाराम, राजेश आदि ने विभागीय उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर नया लगाकर आपूर्ति बहाल किए जाने का मांग किया है।