मकान गिरने से पिता-पुत्र की मौत, विधायक ने दिया 9 लाख की मदद का आश्वासन
बाप-बेटे की मौत के बाद मुआवजे का मरहम लगा रहे हैं विधायक
9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन
परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगा नया घर
चंदौली जिले की मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुधवारे में शनिवार रात हुए हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मकान गिरने से पिता शिव मूरत बिंद और पुत्र जय हिंद बिंद की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को विधायक रमेश जायसवाल मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
एक घर से 2 लाशें निकलने के बाद जागा जिले का सो रहा सिस्टम, अब गांव में होगा सर्वे और मिलेगा आवास
विधायक के साथ मुगलसराय उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, लेखपाल और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जायसवाल ने मृतक परिवार को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से सोमवार तक 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया घर, अंत्योदय कार्ड और मृतक के दो बच्चों की शिक्षा व भरण-पोषण के लिए सरकारी योजना से 18 वर्ष की आयु तक प्रति माह 4000 रुपये दिलवाने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
विधायक रमेश जायसवाल ने मौके पर तत्काल आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी जरूरत के समय वे परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर हर संभव मदद करेंगे।
इस दौरान बृजेश बिंद, ग्राम प्रधान महेंद्र श्रीवास्तव, सुभाष बिंद, महेश जायसवाल, पंकज कनौजिया, राजेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। हादसे से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और लोग पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात कह रहे हैं।