चरखी झूलों के साथ हजारों दुकानों से गुलजार हुआ कीनाराम जन्मोत्सव पर लगने वाला विशाल मेला
बाबा कीनाराम जी का 426वां जन्मोत्सव कार्यक्रम
22 से 24 अगस्त तक रामगढ़ में लगेगा मेला
जन्मस्थली और तपोस्थली पर बड़े ही धूमधाम से होगा आयोजन
चंदौली जिले के चहनिया इलाके के संत शिरोमणि अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी का 426वां जन्मोत्सव 22 से 24 अगस्त तक रामगढ़ स्थित जन्मस्थली और तपोस्थली पर बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लगने वाला मेला जनपद का सबसे विशाल मेला माना जाता है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते हैं।
कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नामी-गिरामी हस्तियां भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराती रही हैं। श्रद्धालु मेले में मत्था टेककर बाबा कीनाराम से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मेले की रौनक बढ़ने लगी
रामगढ़ मठ परिसर और आसपास के इलाके में हजारों की संख्या में दुकानें सजाई जाती हैं। मिठाइयों, श्रृंगार सामग्री, खिलौनों और अन्य घरेलू सामानों की दुकानों से मेले की रौनक देखते ही बनती है। बच्चों के लिए झूले, चरखी और तरह-तरह के खेलकूद की सामग्री खास आकर्षण का केंद्र रहती है।
व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 15 दिन पहले से ही व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। चंदौली के जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया है।
मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, दोपहर और रात्रि भोजन, रुकने के लिए हॉल, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जगह-जगह मेडिकल कैंप और चिकित्साधिकारियों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं का आस्था पर्व
यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का रूप भी ले चुका है। लाखों श्रद्धालु यहां बाबा कीनाराम की तपोस्थली पर आकर न सिर्फ आस्था प्रकट करते हैं बल्कि मेला-परंपरा का आनंद भी लेते हैं।