ये हैं चंदौली की टॉप 10 बड़ी खबरें: सभी खबरों से 2 मिनट में हो जाएंगे अपडेट
विधायक सुशील सिंह ने सुनी PM मोदी के मन की बात
भाजपा नेता के घर लाखों की चोरी
अवैध असलहे के साथ एक युवक गिरफ्तार
सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
1. छठ घाटों का एसडीएम ने किया निरीक्षण
चंदौली में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मुगलसराय के एसडीएम ने प्रमुख घाटों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जहां भी कमियां मिलीं, एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।
2. खरना पर घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
चंदौली जिले के चकिया समेत ग्रामीण अंचलों में छठ पर्व के दूसरे दिन खरना पर घाट पूजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। मां काली पोखरा और कर्मनाशा तट सहित कई स्थानों पर छठ मइया के लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर सूर्य देव से परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
3. विधायक सुशील सिंह ने सुनी PM मोदी के मन की बात
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के ओनावल गांव में विधायक सुशील सिंह ने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के 127वें 'मन की बात' एपिसोड को सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने ₹2.25 करोड़ की लागत से निर्मित सड़कों का लोकार्पण किया। विधायक ने छठ पर्व को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।
4. इलिया में मंदिर से घंटी चोरी का प्रयास
चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के कुशहा गांव स्थित रमैया बाबा मंदिर में शनिवार रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने पुजारी को कमरे में बंद कर मंदिर की घंटियां और पूजा सामग्री चुरा ली। गश्त पर निकली पुलिस को देखकर चोर भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5. भाजपा नेता के घर लाखों की चोरी
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पचखरी गांव में भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह के घर चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। छठ की तैयारियों के बीच चोरों ने घर की आलमारी का लॉकर तोड़कर ₹30 हजार नकद और करीब ₹10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
6. अवैध असलहे के साथ एक युवक गिरफ्तार
चंदौली पुलिस का अपराध नियंत्रण अभियान जारी है। बलुआ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
7. चकिया में शोहदा गिरफ्तार
चंदौली पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकिया पुलिस ने एक शोहदे को गिरफ्तार किया है। सुधीर कुमार नामक यह आरोपी महिलाओं को देखकर अश्लील फब्तियां कसता था। पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
8. सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मोहम्मदाबाद सब्जी मंडी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय साइकिल सवार चिखुरी पुत्र टेनी की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न रखने का आरोप लगाया है।
9.गंगा घाट में 5 डूबे, 2 की हालत गंभीर
चंदौली जनपद के विजई के पूरा गांव के गंगा घाट पर रविवार की शाम छठ पर्व की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घाट पूजन के दौरान कुछ किशोर निर्धारित बैरिकेटिंग तोड़कर गंगा के गहरे पानी में नहाने उतर गए, तभी अचानक पाँच किशोर डूबने लगे।
मौके पर गोताखोरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि दो किशोर गहरे पानी में डूब गए थे।
कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर तत्काल बीएचयू अस्पताल ले गये, जहां उनका इलाज चल रहा है।
10. रामकथा में धर्म की रक्षा का संदेश
चकिया के बाबा जागेश्वरनाथ धाम हेतिमपुर में आयोजित श्रीराम कथा में पंडित रामेश्वरानंद जी महाराज ने धर्म, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने राजा हरिश्चंद्र की कथा सुनाते हुए कहा कि धर्म की रक्षा करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है, क्योंकि धर्म से ही राष्ट्र का निर्माण होता है।