ये है अटूट प्रेम की मिसाल : गांव में पति-पत्नी ने 10 मिनट के अंतराल पर त्यागे प्राण, एक साथ उठी दोनों की अर्थी
शहाबगंज के बरांव गांव में पति-पत्नी की मौत से मायूसी
सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी का एक-साथ निधन
साथ निभाने की कसमें मृत्यु में भी हुईं पूरी
ग्रामीणों ने दोनों को बताया सच्चा प्रेमी
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र के बरांव गांव में शुक्रवार की सुबह मातम छा गया। यहां हर किसी की आँखें नम थीं जब जीवन भर साथ निभाने वाले एक वृद्ध दंपती की अर्थी एक साथ उठी। गांव के लोग इस घटना को सच्चे प्रेम और अटूट बंधन की मिसाल बता रहे हैं।
सिर्फ कुछ मिनट का रहा अंतर
जानकारी के अनुसार, गांव के सेवानिवृत्त कर्मचारी रामप्यारे विश्वकर्मा (68) और उनकी पत्नी राधिका देवी (65) ने गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे एक साथ अंतिम सांस ली। दोनों की मृत्यु की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रामप्यारे विश्वकर्मा सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद पत्नी राधिका देवी के साथ गांव में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे थे। गुरुवार की रात अचानक दोनों की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते पहले राधिका देवी ने और उसके कुछ देर बाद रामप्यारे विश्वकर्मा ने भी प्राण त्याग दिए।
गांव में छाया गहरा सन्नाटा
दंपती के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनका उन्होंने पहले ही विवाह कर दिया था। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। गांव के लोगों ने बताया कि दोनों पति-पत्नी एक-दूसरे के प्रति बेहद समर्पित थे। ग्रामीणों के अनुसार, जीवन भर साथ निभाने वाले इस दंपती ने मृत्यु में भी साथ नहीं छोड़ा।
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार की सुबह दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। गांव के प्रधान अभय कुमार सिंह ने बताया कि गांव में घटी इस घटना ने पति-पत्नी के अद्वितीय प्रेम को उजागर किया है। इस घटना से पूरे गांव में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






