जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

काला चावल, गुलाब जामुन और लस्सी का बिजनेस शुरू करने के लिए सरकार दे रही है बंपर सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

चंदौली जिले के पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू हुई है। काले चावल के उत्पाद, गुलाब जामुन और लस्सी का बिजनेस शुरू करने या बढ़ाने के लिए सरकार भारी सब्सिडी दे रही है।

 

चंदौली में नया बिजनेस शुरू करने का मौका

एक जनपद एक व्यंजन योजना की जानकारी

काला चावल और गुलाब जामुन बिजनेस लोन

उत्तर प्रदेश सरकार की आर्थिक सहायता योजना

चंदौली जिले के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने इसके लिए कमर कस ली है। उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि जिले में 'एक जनपद एक व्यंजन' वित्त पोषण सहायता योजना को मंजूरी मिल गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों की गुणवत्ता सुधारना, उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाना और उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाना है।

इन खास उत्पादों के लिए मिलेगा लाभ
इस खास योजना के तहत चन्दौली जिले के लिए तीन प्रमुख व्यंजनों को चुना गया है। इनमें काले चावल के उत्पाद (जैसे खीर), गुलाब जामुन और लस्सी शामिल हैं। यदि कोई युवा या उद्यमी इन चीजों की नई यूनिट लगाना चाहता है या फिर अपनी पुरानी यूनिट का विस्तार करना चाहता है, तो वह इस योजना का पूरा लाभ उठा सकता है। इसके लिए इच्छुक लोगों को विभागीय पोर्टल msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

कौन उठा सकता है इस योजना का फायदा?
योजना का लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं। आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए, हालांकि इसके लिए कोई खास शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य नहीं रखी गई है। इस योजना के तहत उद्योग, सेवा और व्यापार से जुड़े वित्त पोषण में मदद मिलेगी। शर्त यह है कि आवेदक ने पहले केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो और वह किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए।

बिजनेस के हिसाब से मिलेगी भारी सब्सिडी
योजना के तहत अलग-अलग लागत के प्रोजेक्ट्स पर मार्जिन मनी (सब्सिडी) देने का प्रावधान है। 25 लाख रुपये तक की लागत वाले प्रोजेक्ट पर 25 प्रतिशत (अधिकतम 6.25 लाख रुपये) तक की छूट मिलेगी। वहीं, 25 लाख से 50 लाख रुपये तक की लागत पर 6.25 लाख या 20 प्रतिशत तक की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, 50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक के प्रोजेक्ट पर 10 लाख या 10 प्रतिशत तक और इससे बड़े प्रोजेक्ट्स पर अधिकतम 50 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी सरकार द्वारा दी जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*