जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थी होंगे स्वावलंबी, स्कूलों में मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

फिलहाल जनपद के चार विद्यालयों में यह प्रशिक्षण संचालित भी हो रहा है। जिले में 34 वित्तपोषित, 28 राजकीय और 186 वित्तविहीन विद्यालयों में लगभग 1.27 लाख छात्र-छात्राएँ पंजीकृत हैं।
 

कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्रों के लिए सरकार का प्लान

पढ़ाई के साथ मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

प्रमाण पत्र से बढ़ेगा विद्यार्थियों का आत्मविश्वास

जनपद के चार विद्यालयों में हुई शुरुआत

चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से संबद्ध विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अब केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि हुनर और रोजगारपरक प्रशिक्षण भी मिलेगा। शिक्षा विभाग ने एक अनोखी योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक ट्रेडों में प्रशिक्षित कर प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।

आपको बता दें कि फिलहाल जनपद के चार विद्यालयों में यह प्रशिक्षण संचालित भी हो रहा है। जिले में 34 वित्तपोषित, 28 राजकीय और 186 वित्तविहीन विद्यालयों में लगभग 1.27 लाख छात्र-छात्राएँ पंजीकृत हैं। इनमें से कक्षा 10वीं के लगभग 29 हजार और कक्षा 12वीं के करीब 27 हजार विद्यार्थी शामिल हैं।

नई शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (NCF) के अंतर्गत यह बड़ा बदलाव किया गया है। योजना का उद्देश्य है कि छात्र पढ़ाई के साथ कौशल भी सीखें और भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

किन ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण

विद्यार्थियों को फल एवं खाद्य संरक्षण, फसल सुरक्षा सेवा, एकाउंटेंसी, बैंकिंग, आशुलिपिक, टंकण, घरेलू विद्युत उपकरणों की मरम्मत, खुदरा व्यापार, हेल्थकेयर, आईटी, पर्यटन, शिशु प्रबंधन, मोबाइल रिपेयरिंग, मेडिकल लैबोरेटरी, रेशम कीट पालन, बीमा, सहकारिता, मिट्टी के बर्तन निर्माण, डेयरी प्रौद्योगिकी, मेटल क्राफ्ट, कंप्यूटर तकनीक, कढ़ाई, हेड ब्लॉक प्रिंटिंग, वेजिटेबल ड्राइंग, पाक कला, परिधान एवं सज्जा, धुलाई व रंगाई, कन्फेक्शनरी, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, बुनाई तकनीक और पुस्तकालय विज्ञान जैसे ट्रेडों में रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कब से होगा प्रशिक्षण शुरू

जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में रोजगारपरक प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था की जा रही है। छात्रों में इसके प्रति उत्साह भी देखने को मिल रहा है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार जनवरी से प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*