जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिजली विभाग की खास पहल : ट्रांसफॉर्मरों में लगेंगे LT फ्यूज, होंगे कई फायदे

चंदौली जिले के चंधासी उपकेंद्र से जुड़े 203 ट्रांसफॉर्मरों पर लगभग 75 लाख रुपये खर्च कर एलटी फ्यूज सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
 

203 ट्रांसफॉर्मरों पर लगेंगे एलटी फ्यूज बिजली कटौती से मिलेगी राहत

ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की घटनाएं भी होंगी कम 

92 ट्रांसफॉर्मरों में लगे फ्यूज सिस्टम 

चंदौली जिले के चंधासी उपकेंद्र से जुड़े 203 ट्रांसफॉर्मरों पर लगभग 75 लाख रुपये खर्च कर एलटी फ्यूज सिस्टम लगाए जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि इससे फाल्ट और ट्रांसफॉर्मर जलने से होने वाली घंटों बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। 


ट्रांसफॉर्मर जलने से विभाग को होने वाली क्षति भी रुकेगी। अभी तक 92 ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूज सिस्टम लगाए जा चुके हैं। बाकी ट्रांसफॉर्मरों पर भी तेजी से फ्यूज सिस्टम लगाए जा रहे हैं। चंधासी उपकेंद्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में करीब 42 हजार उपभोक्ताओं के लिए 203 ट्रांसफॉर्मर लगे हैं। जिसमें 630 केवी के 05 ट्रांसफॉर्मर, 400 केवी के 68 और 250 केवी 83 ट्रांसफॉर्मर हैं। 


इसके अलावा 100 केवी 47 ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। क्षेत्र में कई बार ट्रांसफॉर्मर ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट की वजह से जल जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी समय तक बिजली की समस्या से जूझना पड़ता हैं। 


खास तौर से गर्मी में लोड बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर जलने और खराब होने की समस्या बढ़ जाती है। इसी समस्या से निजात के लिए अब विभाग ट्रांसफॉर्मरों पर एलटी फ्यूज सिस्टम लगा रहा है। इस सिस्टम के माध्यम से ट्रांसफॉर्मर में होने वाले फाल्ट और ट्रांसफॉर्मर को जलने से बचाया जा सकेगा। इससे ट्रांसफॉर्मर जलने से होने वाली घंटों कटौती से भी लोगों को राहत मिलेगी। 


विभाग को ट्रांसफॉर्मर जलने पर उसकी मरम्मत पर होने वाले लाखों रुपये के खर्च की भी बचत होगी। इस संबंध में उपखंड अधिकारी मनोज कुमार कश्यप का कहना है कि अभी तक 92 ट्रांसफॉर्मरों पर एलटी फ्यूज सिस्टम लगाए जा चुके हैं। 15 मई तक सभी ट्रांसफॉर्मरों पर यह फ्यूज सिस्टम लगवाने की कोशिश की जा रही है। 


उपखंड अधिकारी ने बताया कि अधिक लोड या शॉर्ट सर्किट होने पर जिस ट्रांसफॉर्मर पर यह डिवाइस लगी होगी, वह फ्यूज सेल एकदम से ट्रिप हो जाएगा। ट्रिपिंग होने पर फ्यूज का तार जलकर टूट जाएगा। इससे ट्रांसफॉर्मर तक सप्लाई नहीं पहुंचेगी। 

इस कारण ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बच जाएगा। ट्रांसफॉर्मरों पर एंटी फ्यूज सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इससे अगर ट्रांसफॉर्मर पर लोड बढ़ेगा तो सीधे फ्यूज उड़ जाएगा। इससे ट्रांसफॉर्मर फुंकने से बच जाएगा। कर्मचारियों द्वारा फ्यूज बांधने पर फिर से आपूर्ति बहाल हो जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*