जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

RTE नियमों में हो रहा है बदलाव, अब दूसरे वार्डों के स्कूलों में भी मिल सकेगा प्रवेश

इससे पहले आरटीई के तहत केवल उसी वार्ड के विद्यालय में प्रवेश की अनुमति थी। इसी कारण हर साल बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त हो जाते थे।
 

RTE नियम में बड़े बदलाव से मिलेगी राहत

अब दूसरे वार्ड के स्कूलों में भी प्रवेश होगा संभव

जिले के 270 विद्यालयों में बढ़ी नामांकन की संभावना

अभिभावकों को शिक्षा में सहूलियत मिलेगी

चंदौली जिले के अभिभावकों और बच्चों के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने आरटीई (राइट टू एजुकेशन) नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए अब दूसरे वार्ड के विद्यालयों में प्रवेश की अनुमति दे दी है। आगामी शैक्षणिक सत्र से अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन न केवल अपने वार्ड के स्कूल में बल्कि किसी अन्य वार्ड के स्कूल में भी करा सकेंगे।

आपको बता दें कि इससे पहले आरटीई के तहत केवल उसी वार्ड के विद्यालय में प्रवेश की अनुमति थी। इसी कारण हर साल बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त हो जाते थे। जिले में प्रतिवर्ष 3000 से 4000 आवेदन आते हैं, लेकिन केवल 1200 से 1500 बच्चों का ही नामांकन हो पाता था। शेष आवेदन केवल इसलिए खारिज कर दिए जाते थे क्योंकि बच्चों ने दूसरे वार्ड के विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया था।

बताते चलें कि नए नियम लागू होने के बाद अब जिले के 270 विद्यालयों में नामांकन की संभावना बढ़ गई है। यह कदम शिक्षा के दायरे को विस्तृत करने और अधिक बच्चों को लाभान्वित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। खासकर उन अभिभावकों के लिए यह राहत की बात है, जिनके वार्ड में गुणवत्तापूर्ण विद्यालय नहीं थे। अब वे अपने बच्चों को दूसरे वार्ड के स्कूलों में दाखिला दिला सकेंगे।

शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक हर वर्ष लगभग 400 से 600 आवेदन केवल वार्ड प्रतिबंध के कारण निरस्त कर दिए जाते थे। इससे कई बच्चों को उनके शिक्षा के अधिकार से वंचित होना पड़ता था।

चंदौली के बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा के दायरे में लाना है। नए निर्देशों के बाद सभी नामचीन विद्यालयों को भी दूसरे वार्ड के छात्रों के आवेदन स्वीकार करने होंगे। इससे न केवल अभिभावकों को सुविधा मिलेगी बल्कि बच्चों को बेहतर विकल्प भी मिलेंगे।

इस बदलाव से जिले में आरटीई के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया और अधिक समावेशी होगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*