चंदौली के कारीगरों के लिए खुशखबरी: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में मिलेगा फ्री ट्रेनिंग और टूलकिट, 1000 लोगों का लक्ष्य तय
चंदौली के पारंपरिक कारीगरों को हुनरमंद बनाने और मुफ्त टूलकिट देने के लिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। जिले में 1000 लाभार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य मिला है।
1000 कारीगरों को मिलेगा लाभ
10 दिनों की मुफ्त ट्रेनिंग
आधुनिक टूलकिट भी दी जाएगी
30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन
चंदौली जिले के पारंपरिक कारीगरों जैसे दर्जी, लोहार, राजमिस्त्री, बढ़ई, कुम्हार, हलवाई, नाई, मोची और धोबी आदि के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से एक बहुत ही शानदार अवसर आया है। सरकार की महत्वाकांक्षी 'विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना' के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को 1000 लाभार्थियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
इस योजना के तहत चुने गए कारीगरों को उनके काम से संबंधित 10 दिनों की पूरी तरह से मुफ्त (निःशुल्क) कौशल ट्रेनिंग दी जाएगी। सिर्फ इतना ही नहीं, ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित उन्नत किस्म की टूलकिट भी बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
30 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से रखी जा रही है नजर
इस योजना का पूरा संचालन ऑनलाइन मोड में आधार प्रमाणीकरण के जरिए किया जा रहा है। यह मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता बढ़ती जा रही है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक चंदौली के सभी पात्र पारंपरिक और हस्तशिल्प कारीगर विभागीय वेबसाइट https://msme.up.gov.in या https://diupmsme.upsdc.gov.in पर जाकर आगामी 30 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए ये हैं जरूरी शर्तें और पात्रता के नियम
योजना का लाभ उठाने के लिए सरकार ने कुछ बेहद सरल शर्तें तय की हैं, जो इस प्रकार हैं:
आवेदन करने वाले व्यक्ति की उम्र कम से कम 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
आवेदक का अनिवार्य रूप से चंदौली जिले का स्थायी निवासी होना जरूरी है।
आवेदन के लिए आधार कार्ड (आधार लिंक मोबाइल नंबर के साथ), बैंक पासबुक की फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता होगी।
परिवार का केवल एक ही सदस्य इस योजना के तहत लाभ पाने के लिए पात्र माना जाएगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए जाति एकमात्र आधार नहीं है। अगर कोई व्यक्ति पारंपरिक कारीगरी करने वाली जाति से अलग है, तो वह भी आवेदन कर सकता है। बस उसे ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष या नगर पालिका/नगर निगम के वार्ड सदस्य द्वारा जारी किया गया काम संबंधी प्रमाण-पत्र देना होगा।
इसके साथ ही एक शपथ पत्र देना होगा कि पहले किसी योजना में टूलकिट या मानदेय का लाभ नहीं लिया गया है।
योजना के बारे में किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी या सहायता के लिए आप किसी भी कार्य दिवस में 'कार्यालय जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली' (नियर टाटा मोटर्स एजेंसी धूरीकोट, चंदौली) में जाकर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








