जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में आ गए हैं भैंस चोर: 14 दिनों में उड़ा दीं 16 भैंसें, इन इलाकों में पुलिस से ज्यादा एक्टिव चोर

चंदौली के इलिया और शहाबगंज में महज दो हफ्ते के भीतर 16 भैंसें चोरी होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस की टालमटोल से नाराज 'आप' कार्यकर्ताओं और पीड़ित किसानों ने डीएम से मिलकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

 
 

14 दिनों के भीतर 16 भैंसें चोरी

इलिया और शहाबगंज क्षेत्र में दहशत

पुलिसिया गश्त और टालमटोल से नाराजगी

आम आदमी पार्टी का उग्र आंदोलन अल्टीमेटम

पीड़ित पशुपालकों का फूटा भारी गुस्सा

 चंदौली जिले में इन दिनों बेखौफ पशु चोरों ने पुलिस प्रशासन की नाक में दम कर रखा है। जिले के इलिया और शहाबगंज थाना क्षेत्रों में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि पिछले 14 दिनों के भीतर करीब 16 भैंसें चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से पीड़ित किसानों और स्थानीय पशुपालकों का धैर्य अब जवाब दे गया है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाधिकारी (DM) चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

16-buffaloes-stolen-in-14-days-aap-protest-dm

 पीड़ितों को मिल रहा सिर्फ आश्वासन
आप नेताओं और किसानों का आरोप है कि चोरियां महज 10 किलोमीटर के दायरे में 3 मई से 16 मई के बीच अंजाम दी गईं। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी और टालमटोल कर रही है। केवल कुछ चुनिंदा मामलों में ही एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि बाकी गरीब पशुपालकों को जल्द कार्रवाई का खोखला आश्वासन देकर थाने से टरका दिया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिसकर्मी रात में गश्त करने के बजाय दिनभर मजदूरी करने वाले थक-हारे किसानों को खुद जागकर रखवाली करने की नसीहत दे रहे हैं।

 इन किसानों को चोरों ने बनाया निशाना
चकिया विधानसभा अध्यक्ष राजेश द्विवेदी ने बताया कि खुद उनकी डेढ़ लाख रुपये की कीमती भैंस चोरी हो चुकी है। चोरों ने अरारी गांव के अशोक चौहान की दो, नरेंद्र नाथ उपाध्याय की दो, परवानापुर निवासी गुड्डू बिंद की दो और हाड़ौरा गांव के विमलेश यादव की तीन भैंसों पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा खरौझा के एक अन्य ग्रामीण की दो भैंसें चोरी हुईं, जबकि कलानी में रहने वाले सिधार यादव की चार भैंसें चुराने का प्रयास भी विफल रहा, जहां ग्रामीणों के जाग जाने से चोर भाग खड़े हुए।

डीएम को  ज्ञापन देकर कहा- हम आंदोलन के लिए तैयार 
आम आदमी पार्टी के बैनर तले पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अविलंब चोरों की गिरफ्तारी और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। 'आप' कार्यकर्ताओं ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द ही इन चोरियों का पर्दाफाश नहीं किया, तो संगठन किसानों के हक के लिए सड़कों पर उतरकर एक बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान नरेंद्रनाथ उपाध्याय, अशोक चौहान, गुड्डू बिंद, विमलेश यादव और सिधार यादव सहित दर्जनों पीड़ित ग्रामीण उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*