23 सितंबर से 3 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत, बाबा परशुराम दास जी की 17वीं पुण्यतिथि
कौड़िहार में 3 दिवसीय अखंड पाठ और हरिकीर्तन
25 सितंबर को होगा विशाल भंडारा
आयोजक गिरजा शंकर यादव ने दी है जानकारी
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड के कौड़िहार ग्राम स्थित हनुमान जी के प्राचीन मंदिर परिसर में 23 सितंबर से तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत होगी। यह आयोजन संत बाबा परशुराम दास जी की 17वीं पुण्यतिथि की स्मृति में रखा गया है। आयोजक गिरजा शंकर यादव और बाबूनंदन यादव ने बताया कि पूरे कार्यक्रम को भक्तिमय माहौल में संपन्न कराने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

पहले दिन 23 सितंबर को प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखंड रामायण पाठ प्रारंभ होगा, जो पूरे 24 घंटे चलेगा। इसके उपरांत 24 सितंबर को अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में डूबेंगे। समापन दिवस 25 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी। दिन के समय पंडित भोला तिवारी, आफताब अंसारी और नंदलाल विश्वकर्मा भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठेगा। वहीं रात में प्रसिद्ध बिरहा कलाकार त्रिभुवन यादव और रवीना रंजन के बीच रोचक मुकाबला आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारी को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को गहरा करेगा बल्कि आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को भी प्रबल बनाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







