जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया तहसील में भारी बारिश और बाढ़ का असर, 874 परिवारों से छिन गया आशियाना

तहसील क्षेत्र में लगभग 27 हेक्टेयर में रोपी गई धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित 15 गांवों को चिन्हित करते हुए पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने में तन्मयता दिखाई।
 

चकिया तहसील में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का कहर

874 परिवार हो गए हैं बेघर

बहेलियापुर बांध टूटने से स्थिति और गंभीर

15 गांवों को बाढ़ प्रभावित घोषित करके किया जा रहा राहत कार्य

चंदौली जिले के चकिया तहसील क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 874 परिवार बेघर हो गए हैं। बारिश के दौरान लगभग 55 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई नदियाँ और नाले उफान पर आ गए। बहेलियापुर बांध टूट जाने से स्थिति और भी भयावह हो गई थी।

आपको बता दें कि तहसील प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और जलमग्न फसलों का प्राक्कलन तैयार कर शासन व जिला प्रशासन को भेज दिया है। आंकड़ों के अनुसार, तहसील क्षेत्र में लगभग 27 हेक्टेयर में रोपी गई धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित 15 गांवों को चिन्हित करते हुए पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने में तन्मयता दिखाई।

विधायक कैलाश आचार्य, उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र और कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

बताते चलें कि महादेवपुर, सिरकुटिया, मवैया, खरीद, पीतपुर, चितौड़ी और मूसाखांड़ सहित कई गांवों के लोग अपने पक्के घरों के नुकसान के कारण असहाय स्थिति में हैं। सिरकुटिया में 105, मवैया में 74, खरीद में 40, पीतपुर में 18, चितौड़ी में 13 और मूसाखांड़ में 25 लोग बेघर हुए हैं।

तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बताया कि पूरी तरह जमींदोज हुए घरों के गृहस्वामियों को प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा। प्रशासन शीघ्र पीड़ितों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब भारी बारिश और बाढ़ से घर और फसल प्रभावित हुई हैं, लेकिन इस बार नुकसान और भी व्यापक है। तहसील प्रशासन ने राहत और पुनर्वास कार्य को तेज़ी से पूरा करने का भरोसा दिया है।

इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे प्रशासन और ग्रामीण सतर्क हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*