चकिया में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उतरीं प्रचार में, गिना रही है सरकार की उपलब्धियां

निकाय चुनाव के लिए महिला नेताओं ने कसी कमर
भाजपा महिला मोर्चा की बढ़ी सक्रियता
चंदौली जिला के आदर्श नगर पंचायत चकिया में नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी रण में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी उतर गयीं हैं। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुषमा जायसवाल के नेतृत्व में जिला व मंडल पदाधिकारियों ने शुक्रवार को नगर के वार्ड नंबर 7 में युद्ध स्तर पर जनसंपर्क करके भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
इस दौरान चकिया नगर पंचायत के सिविल लाइन पश्चिमी, बुद्धनगर कॉलोनी मे महिलाओं ने जनता को सरकार की उपलब्धियों व पार्टी की नीतियों की जानकारी दी। पार्टी की जिला कार्यकारिणी सदस्य अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से आम जनता का समर्थन भाजपा को मिल रहा है।
भाजपा कार्यकर्त्ता शुभम् मोदनवाल ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि के भाव से पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। सबका साथ सबका विकास के पथ पर चलते हुए भाजपा सबका विश्वास हासिल कर रही है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सुषमा जयसवाल, जिला कोषाध्यक्ष आरती जायसवाल, इंदु कुमारी, सीमा गुप्ता, अर्चना श्रीवास्तव, चंदा जायसवाल, मीरा जायसवाल, शुभम मोदनवाल दीपक चौहान मौजूद रहे।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*