गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बना बड़गावां का चेहल्लूम: नौहाखानी और हैरतअंगेज खेलों ने बांधा समां
चंदौली के शहाबगंज स्थित बड़गावां में अंजुमन गरीब नवाज कमेटी द्वारा चेहल्लूम का शानदार आयोजन किया गया। नौहाखानी, मर्सिया और हैरतअंगेज पारंपरिक खेलों ने लोगों का दिल जीत लिया। जानिए इस खास सांस्कृतिक समागम की पूरी रिपोर्ट!
बड़गावां में गंगा-जमुनी तहजीब का चेहल्लूम
अखाड़े में युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
नौहाखानी से कर्बला के शहीदों को खिराजे अकीदत
सपा नेता टोनी खरवार ने किया उद्घाटन
आपसी भाईचारे और शांति का दिया संदेश
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत बड़गावां गांव में मुहर्रम के चालीसवें (चेहल्लूम) के अवसर पर अंजुमन गरीब नवाज कमेटी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान धार्मिक अकीदत के साथ-साथ पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़गावां और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

साफा बांधकर सपा नेता ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ सपा नेता टोनी खरवार ने फीता काटकर और अखाड़े के उस्तादों को साफा बांधकर कराया। उन्होंने कहा कि चेहल्लूम का आयोजन हमें कर्बला के शहीदों की कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का संदेश याद दिलाता है। ऐसे आयोजन हमारी सदियों पुरानी गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करते हैं। पारंपरिक खेलों से युवाओं में साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है, इसलिए सभी को मिल-जुलकर शांति और सौहार्द के साथ यह पर्व मनाना चाहिए।

सच्चाई और इंसानियत का संदेश देता है चेहल्लूम
विशिष्ट अतिथि समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष जमील अहमद ने कहा कि मुहर्रम और चेहल्लूम पूरी मानवता को सच्चाई, इंसाफ और सत्य के मार्ग पर डटे रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से हमारी पुरानी सांस्कृतिक विरासत और परंपराएं जीवंत रहती हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
रात भर गूंजी नौहाखानी की सदाएं
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार की रात से ही हो गई थी। इस दौरान अंजुमन गुलजारे हैदरी (मोहम्मदाबाद, गाजीपुर), अंजुमन गुलजारे पंजतन (ऐलही) और अंजुमन मखदुमिया कदीम (बसिला) ने चौक पर मर्सिया और नौहाखानी कर कर्बला के शहीदों को खिराजे अकीदत पेश की। इस गमगीन और रूहानी माहौल ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

अखाड़े में खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
शुक्रवार को दिन में आयोजित अखाड़ा प्रतियोगिता में अंजुमन कमेटी सूरतापुर (चंदौली) और मुस्लिम आजाद नौजवान कमेटी (नई बस्ती शहाबगंज) की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने लकड़ी, बनेठी, बंदिश, बाना और झूमर जैसे पारंपरिक औजारों से एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कला का प्रदर्शन किया।
आयोजन में ये लोग रहे मुख्य रूप से मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंजुमन कमेटी के अध्यक्ष महताब अहमद, गुलफाम अहमद, शमशाद अंसारी, इरशाद अंसारी, रहमत अली, गुड्डू खां, अल्तजा हुसैन, राकिब, अनीज, नसीब खां, सलाहुद्दीन, आमिर, अमन, आकिब, आमिश और शमशुलहुदा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








