जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बड़गांवा प्रीमियम लीग में डिग्घी का जलवा: बनारस को हराकर जीता बीपीएल क्रिकेट का खिताब

शहाबगंज के बड़गांवा में आयोजित क्रिकेट महाकुंभ 'BPL' के फाइनल मुकाबले में डिग्घी ने बनारस को 9 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता और उपविजेता टीमों पर नकद पुरस्कारों की बौछार हुई।

 

बड़गांवा प्रीमियम लीग का भव्य समापन

डिग्घी बनी क्रिकेट बीपीएल चैंपियन

बनारस की टीम नौ रन से हारी

राजेश को मैन ऑफ द मैच खिताब

पीयूष को मैन ऑफ द सीरीज अवार्ड

चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र के बड़गांवा गांव में खेल प्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर रहा। यहाँ शहंशाह सपोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित बड़गांवा प्रीमियम लीग (बीपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार की देर रात हो गया। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। फाइनल मुकाबला डिग्घी और बनारस की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें अंत तक रोमांच बना रहा।

badgawan-premium-league-cricket-digghi-bpl-champion

आखिरी ओवरों तक चली कांटे की टक्कर
इस खिताबी मुकाबले में डिग्घी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 10 ओवरों के खेल में डिग्घी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 79 रन टांग दिए। जीत के लिए 80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनारस की टीम ने काफी संघर्ष किया, लेकिन डिग्घी के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के सामने वह 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 70 रन ही बना सकी। इस तरह डिग्घी की टीम ने यह मैच 9 रनों से जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

खिलाड़ियों पर हुई पुरस्कारों की बौछार
प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को खास तौर पर नवाजा गया। शानदार खेल के लिए राजेश को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में धमाल मचाने वाले पीयूष को 'मैन ऑफ द सीरीज' के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेता टीम डिग्घी को आकर्षक ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, उपविजेता रही बनारस की टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच
समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्रबली सिंह और विशिष्ट अतिथि नेसार खान ने सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे। उन्होंने युवाओं की खेल भावना की जमकर तारीफ की और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का सबसे बेहतरीन मंच बनते हैं।

इस पूरे टूर्नामेंट में मैच रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका आरिफ और रहमत अली ने निभाई। इस खास मौके पर प्रदीप गुप्ता, टोनी खरवार, बाबिल सिंह, गुलफाम अहमद मिक्कू, रेहान अहमद, मोहम्मद साकिब, महताब, आमिर, छोटू मास्टर, मिथिलेश, अमन, गोलू, आकिब, अंजूम, टाइगर, कल्लू और पप्पू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*