जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बनरसिया में 6 महीने में ही टूट गई पुलिया, डिवाइडर गिरने से बना बड़ा होल, मंडरा रहा हादसे का खतरा

चंदौली के बनरसिया गांव में महज 6 महीने पहले बनी पुलिया टूटकर जर्जर हो चुकी है। डिवाइडर गिरने और बड़ा होल बनने से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मरम्मत की मांग की है।

 
 

बनरसिया गांव में 6 महीने में ही क्षतिग्रस्त हुई नई पुलिया

डिवाइडर टूटने से पुलिया के बीच में बना बड़ा खतरनाक होल

गड्ढे में गिरकर कई राहगीर और वाहन चालक हो चुके हैं घायल

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए गंभीर सवाल

संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल मरम्मत कराने की मांग

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत बनरसिया गांव में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां महज छह महीने पहले बनाई गई पुलिया की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पुलिया का डिवाइडर पूरी तरह टूटकर गिर गया है और इसका निचला हिस्सा भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुलिया के बीचोबीच एक बड़ा होल बन जाने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर वक्त जानलेवा हादसे का खतरा मंडरा रहा है।

banrasiya-village-damaged-culvert-accident-risk

अंधेरे में कई लोग गिरकर हो चुके हैं घायल
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस पुलिया से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। क्षतिग्रस्त हिस्से में बने बड़े गड्ढे की वजह से खासकर रात के समय स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है। कई राहगीर और बाइक सवार अंधेरे में इस होल को न देख पाने के कारण गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है और मरम्मत का कार्य अधर में लटका हुआ है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि पुलिया के निर्माण के दौरान तय मानकों और गुणवत्ता का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया। यही वजह है कि महज छह महीने के भीतर ही पुलिया का ढांचा टूटने लगा है। सरकारी धन का उपयोग करके बनाई गई इस पुलिया का इतने कम समय में जर्जर होना इसके निर्माण कार्य की मजबूती और ठेकेदारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने की जांच और मरम्मत की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव के कार्तिकेय पांडेय, दया पाण्डेय, जमुना शर्मा, छोटू केशरी, संजय पाण्डेय, पप्पू राम, सुजीत गुप्ता और उत्तम जायसवाल समेत अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिया की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो। साथ ही, उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग रखी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*