जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बारिश थमी पर तालाब बना रहा स्कूल, गंदे पानी से होकर जाने को मजबूर बच्चे

चंदौली के कंपोजिट विद्यालय बरांव में बारिश थमने के बाद भी पानी भरा हुआ है। तीन साल से टूटी बाउंड्री न बनने के कारण खेतों का पानी परिसर में जमा है, जिससे बच्चे गंदे पानी से गुजरकर क्लास में पहुँच रहे हैं।

 
 

तालाब बना कंपोजिट विद्यालय बरांव

पानी के बीच कक्षाओं में पहुंचे बच्चे

तीन साल से टूटी है स्कूल बाउंड्री

सीमित कमरों में हो रही बच्चों की पढ़ाई

ग्रामीणों ने की जलनिकासी की मांग

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र में गुरुवार को बादलों की आवाजाही के बीच बारिश भले ही थम गई हो, लेकिन कंपोजिट विद्यालय बरांव की हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही है। छुट्टी के बाद जब गुरुवार को स्कूल खुला, तो पूरा परिसर पानी से लबालब भरा हुआ था। बच्चे घुटने तक भरे पानी के बीच से किसी तरह गुजरते हुए अपनी कक्षाओं तक पहुँचने को मजबूर हुए।

barawan-school-waterlogging-broken-boundary-wall

सीमित कमरों में जैसे-तैसे हो रही पढ़ाई
परिसर में अत्यधिक जलभराव के कारण हर क्लास तक पहुँचना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में स्कूल के शिक्षकों ने जैसे-तैसे सीमित कमरों में ही बच्चों को एक साथ बिठाकर पठन-पाठन की व्यवस्था की। पानी जमा होने और आवागमन में परेशानी के चलते गुरुवार को स्कूल में बच्चों की उपस्थिति भी आम दिनों के मुकाबले काफी कम देखने को मिली।

3 साल से टूटी पड़ी है बाउंड्रीवाल
विद्यालय की इस दुर्दशा के पीछे एक बड़ी वजह यह है कि स्कूल के ठीक पीछे सिंचाई वाले खेत हैं। करीब तीन साल पहले भारी बारिश के दौरान विद्यालय की बाउंड्रीवाल गिर गई थी, जिसका पुनर्निर्माण आज तक नहीं कराया गया। बाउंड्री न होने की वजह से बरसात के दिनों में खेतों का पूरा पानी बहकर सीधे स्कूल परिसर में आ जाता है और मैदान तालाब का रूप ले लेता है।

barawan-school-waterlogging-broken-boundary-wall

आवारा पशुओं का जमावड़ा और गंदगी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बाउंड्री न होने से केवल बारिश में ही नहीं, बल्कि गर्मी के मौसम में भी बड़ी दिक्कत होती है। बाउंड्री की कमी का फायदा उठाकर आवारा पशु आसानी से स्कूल परिसर में घूमते रहते हैं और गंदगी फैलाते हैं। बीते साल भी जब ऐसी ही नौबत आई थी, तब पास के मिनी पंचायत भवन में बच्चों की पढ़ाई करानी पड़ी थी।

प्रशासनिक उपेक्षा से अभिभावकों में गुस्सा
विद्यालय प्रशासन द्वारा बाउंड्रीवाल के निर्माण और जलभराव से निजात पाने के लिए कई बार खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को लिखित रूप से सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार दो वर्षों से बारिश में स्कूल डूबने से अभिभावकों का गुस्सा फूट रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द बाउंड्री बनवाने और पानी निकासी की पक्की व्यवस्था करने की मांग की है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*