बेलावर बंधी की कच्ची मिट्टी बनी आफत: बारिश में सड़क पर फैला कीचड़, एक दर्जन गांवों का आवागमन ठप
चंदौली के बेलावर गांव में बंधी नवनिर्माण के दौरान डाली गई कच्ची मिट्टी बारिश में बहकर मुख्य मार्ग पर आ रही है। इससे बने भीषण कीचड़ के कारण ताला, छित्तमपुर और मुसाखाड़ समेत एक दर्जन गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
बेलावर बंधी की मिट्टी बनी मुसीबत
एक दर्जन गांवों का रास्ता प्रभावित
बारिश के पानी में बहकर आई मिट्टी
फिसलकर गिर रहे दोपहिया वाहन चालक
ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग
चंदौली जिले के चकिया तहसील अंतर्गत बेलावर गांव में बंधी के नवनिर्माण के बाद डाली गई कच्ची मिट्टी अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। बंधी की मेड़ पर पड़ी नई मिट्टी अभी पूरी तरह से जम भी नहीं पाई थी कि बारिश के कारण वह बहकर सीधे मुख्य मार्ग पर आ गई। सड़क पर मिट्टी जमा होने से भीषण कीचड़ और फिसलन की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे ताला, वनभीषमपुर, छित्तमपुर, मुसाखाड़, धन्नीपुर, कौड़िहार और ढोढनपुर समेत करीब एक दर्जन गांवों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही सबसे ज्यादा दिक्कत
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जमा कीचड़ में ई-रिक्शा, ऑटो और मोटरसाइकिलें फंस रही हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर फिसल जा रहे हैं। इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना भी बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। बारिश होते ही गांव से बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह खतरनाक हो जाता है।
गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
क्षेत्रीय नागरिक नासिर, जावेद, परवेज आलम, इरफान और हुसैन आलम का कहना है कि बंधी पर काम होने के बाद से उनकी समस्या कम होने के बजाय और बढ़ गई है। समाजसेवी एहसान अली ने आरोप लगाया कि बंधी निर्माण के दौरान मिट्टी की गुणवत्ता और उसके पक्कीकरण पर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। बिना मजबूरी के मिट्टी डाल दिए जाने से पूरा रास्ता दलदल में बदल गया है।
प्रशासन से कीचड़ हटाने और पक्कीकरण की मांग
ग्रामीणों ने बंधी डिवीजन और जिला प्रशासन से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर जमा कीचड़ को जल्द से जल्द साफ कराया जाए और बंधी की मेड़ पर डाली गई मिट्टी को मजबूत कराया जाए, ताकि आने वाले दिनों में कोई बड़ा सड़क हादसा न हो सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








