जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बेलावर गांव में जुताई के लिए जा रहा ट्रैक्टर पलटा, 19 वर्षीय युवक की दबकर दर्दनाक मौत

चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलावर गांव में शुक्रवार सुबह खेत जोतने जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 19 वर्षीय पवन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 
 

बेलावर गांव में ट्रैक्टर पलटने से हादसा

19 वर्षीय युवक पवन कुमार की मौत

रोटावेटर लगने से असंतुलित हुआ ट्रैक्टर

दलित बस्ती बेलावर में पसरा सन्नाटा

पुलिस चौकी प्रभारी ने शुरू की जांच

 

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेलावर गांव की दलित बस्ती में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव के रहने वाले स्वर्गीय चंद्रमा का 19 वर्षीय पुत्र पवन कुमार सुबह अपने गांव के चालक राजन और उसके भाई साजन के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत की जुताई करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया।

इंजन के नीचे दबने से पवन की हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर के पीछे भारी रोटावेटर जुड़ा हुआ था, जिसके चलते आगे का हिस्सा हल्का था और ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के वक्त चालक राजन और उसका भाई साजन उछलकर किनारे जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, पवन ट्रैक्टर के नीचे ही फंस गया और भारी-भरकम इंजन सीधे उसके ऊपर पलट गया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।

ग्रामीणों ने निकाला शव, गांव में छाया मातम
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर पवन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। 19 वर्षीय पवन की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया और पूरी दलित बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई।

बिना पुलिस को बताए किया अंतिम संस्कार
हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। देर शाम मामले की भनक लगने पर सैदूपुर पुलिस चौकी प्रभारी अनिल पांडेय पुलिस टीम के साथ बेलावर गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*