जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिलाई सदस्यता

चंदौली के चकिया क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद ने सैकड़ों समर्थकों के साथ लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने बहेलिया समाज को न्याय और 2027 में राजनीतिक भागीदारी का भरोसा दिलाया।
 

सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद भाजपा में शामिल

लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिलाई सदस्यता

2027 में बहेलिया समाज को राजनीतिक भागीदारी का भरोसा

समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

जनपद के चकिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मंगरौर गांव निवासी सेवानिवृत्त वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद ने बहेलिया समाज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण की। लखनऊ स्थित उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा। उनके भाजपा में शामिल होने से क्षेत्र में बहेलिया समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

समाज के विकास और योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद भोला प्रसाद ने कहा कि पार्टी से जुड़कर समाज के विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। भोला प्रसाद के अनुसार, बहेलिया समाज के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

गांव-गांव और घर-घर जाकर करेंगे जागरूक
भोला प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें।


2027 में राजनीतिक भागीदारी का मिला भरोसा
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बहेलिया समाज के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि समाज के साथ न्याय किया जाएगा और उनकी समस्याओं व मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने वर्ष 2027 में बहेलिया समाज को राजनीतिक भागीदारी दिए जाने का भरोसा भी दिलाया, जिससे समाज के लोगों में नई उम्मीद जगी है।

समर्थकों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
भोला प्रसाद के भाजपा में शामिल होने की जानकारी मिलने पर चंदौली जिला सहित आसपास के क्षेत्रों में समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई। ज्योति गुप्ता, सीमा गुप्ता, शीला गुप्ता, सीतांजलि शर्मा, अभिषेक बहेलिया, हरिनारायण राय वैभव और उस्मान गनी बबलू सहित अनेक लोगों ने फोन, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत मुलाकात के माध्यम से उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में बहेलिया समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*