वंदन योजना से चकिया के निर्भयदास हनुमान मंदिर का होगा कायाकल्प: 1.84 करोड़ से शुरू हुआ भव्य निर्माण कार्य
चंदौली के चकिया स्थित निर्भयदास हनुमान मंदिर के नव निर्माण के लिए 1.84 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। शनिवार को विधायक कैलाश आचार्य ने भूमि पूजन कर सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की शुरुआत की।
निर्भयदास हनुमान मंदिर भूमि पूजन
वंदन योजना से 1.84 करोड़ स्वीकृत
विधायक कैलाश आचार्य ने किया शुभारंभ
चकिया मंदिर का भव्य कायाकल्प
श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
चंदौली जिले के चकिया नगर स्थित वार्ड नंबर 7 सिविल लाइंस पश्चिम में बने निर्भयदास हनुमान मंदिर के कायाकल्प की दिशा में एक बड़ी शुरुआत हुई है। शनिवार को वंदन योजना के तहत मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। शासन की ओर से इस मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 84 लाख 65 हजार रुपये का बजट मंजूर किया गया है।

विधायक कैलाश आचार्य ने किया भूमि पूजन
भूमि पूजन के इस पावन अवसर पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य, नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव और भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु मुख्य रूप से मौजूद रहे। विधायक कैलाश आचार्य ने धार्मिक रीती-रिवाजों के अनुसार पूजन कर निर्माण कार्यों की नींव रखी। स्थानीय लोग काफी समय से इस आस्था के केंद्र के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे।

परिसर में बनेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए कई बड़े काम कराए जाएंगे। इनमें वेटिंग हॉल, पाथवे, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, आधुनिक लाइट सिस्टम और पीने के पानी की व्यवस्था शामिल है। इन सुविधाओं से मंदिर का स्वरूप बेहद भव्य, सुरक्षित और आकर्षक बन जाएगा।
निजी खर्च से बनेगा मंदिर का भव्य शिखर
कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने घोषणा की कि मंदिर के मुख्य शिखर का निर्माण वे अपने निजी बजट से करवाएंगे। इस बात से स्थानीय लोगों और भक्तों में काफी खुशी की लहर है। कार्यक्रम में सभासद बादल सोनकर, रवि गुप्ता, उमेश चौहान, ज्योति गुप्ता, कमलेश यादव और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








