जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

भारतीय किसान यूनियन का सिंचाई विभाग पर धरना, आश्वासन के बाद भी पांचवें दिन नहीं रुका डैम से पानी बहाव

चंदौली के चकिया में भारतीय किसान यूनियन ने सिंचाई विभाग पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि एसडीएम के आश्वासन के 5 दिन बाद भी चंद्रप्रभा डैम से पानी का बहाव नहीं रोका गया है, जिससे गेहूं की फसल बर्बाद होने का खतरा है।

 
 

चकिया में भारतीय किसान यूनियन का धरना

चंद्रप्रभा डैम से पानी बहाने का विरोध

एसडीएम के आश्वासन के बाद भी बहाव

पानी की कमी से गेहूं फसल पर संकट

किसानों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिला के चकिया में भारतीय किसान यूनियन के किसानों ने सिंचाई विभाग कार्यालय पर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बावजूद पांचवें दिन भी चंद्रप्रभा डैम से बेवजह पानी बहाना बंद नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

किसानों ने बताया कि 21 फरवरी को भी इसी मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस समय मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया था, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया था। लेकिन किसानों का कहना है कि आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।

गेहूं की फसल पर संकट

किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल को सिंचाई की अत्यधिक आवश्यकता है। यदि इसी तरह पानी बहाया जाता रहा तो नहरों में पानी की कमी हो जाएगी, जिससे फसल को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों ने आरोप लगाया कि गेट मरम्मत के नाम पर पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि इसकी कोई ठोस आवश्यकता नहीं है।

आंदोलन की चेतावनी

किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाया तो किसान बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और घेराव करने को मजबूर होंगे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*