कब और कैसे शुरू होगा सैदूपुर में BSNL का नेटवर्क, 10 दिनों से नहीं हो रही सुनवाई
सैदूपुर में दसवें दिन भी ध्वस्त रहा बीएसएनएल का नेटवर्क
उपभोक्ता परेशान होकर बार-बार कर रहे शिकायत
BSNL अधिकारी नहीं कर रहे हैं समस्या का समाधान
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत सैदूपुर क्षेत्र में बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क लगातार दसवें दिन भी ठप रहने से उपभोक्ता भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। जरूरी कॉल और इंटरनेट सेवाओं के लिए ग्रामीणों को मजबूरन छह किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है, ताकि मोबाइल में टावर सिग्नल मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। “अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं, लेकिन नेटवर्क बहाल करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा,” उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा। नेटवर्क बाधित रहने से लोग अपने परिजनों और बाहर काम कर रहे परिवारजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग कार्य और छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क के अभाव में डिजिटल लेनदेन पूरी तरह ठप है, जिससे कारोबार में भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। कई किसानों ने शिकायत की कि कृषि से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पा रही, जिससे कार्य प्रभावित हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नेटवर्क बहाल नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बीएसएनएल के अधिकारी यदि समय रहते कदम नहीं उठाते तो कभी भी ग्रामीणों का आक्रोश फूट सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि आवश्यक सेवाएं दोबारा सुचारु हो सकें और आमजन को राहत मिले।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








