महिलाओं और लड़कियों के साथ होने वाली हिंसा के विरुद्ध जन-जागरूकता के लिए कैंडल मार्च
ग्राम्या संस्थान द्वारा आयोजित है 16 दिवसीय अभियान
महिलाओं तथा लड़कियों के विरुद्ध हिंसा रोकने के लिए कैंडल मार्च
चकिया ब्लॉक मुख्यालय से गांधी पार्क तक कैंडल मार्च
चंदौली जिला के चकिया में महिलाओं और लड़कियों के साथ होने वाली हिंसा के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम्या संस्थान द्वारा आयोजित 16 दिवसीय अभियान के तहत चकिया ब्लॉक मुख्यालय से गांधी पार्क तक कैंडल मार्च निकाला गया। यह अभियान 25 नवम्बर से 10 दिसंबर तक चल रहा है।
आयोजक मंडल ने बताया कि मार्च का उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना और हिंसा रोकने में उनकी सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना है। वर्ष 2025 की थीम 'महिलाओं तथा लड़कियों के प्रति होने वाली डिजिटल हिंसा उन्मूलन हेतु एकजुट हों' रखी गई है। इसके तहत डिजिटल माध्यमों जैसे इंटरनेट, सोशल मीडिया से होने वाली हिंसा, अवांछित कॉल,वीडियो कॉल, अश्लील फोटो,वीडियो और साइबर ठगी जैसी घटनाओं के प्रति लोगों को सचेत किया गया।
कैंडल मार्च में चकिया थाना प्रभारी सहित दर्जनों पुलिसकर्मी, पंचायत प्रतिनिधि, सरकारी सेवा प्रदाता, संस्था के कार्यकर्ता और आसपास के गांवों से सैकड़ों किशोर-किशोरियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मार्च के दौरान 'खाली कर दो रास्ते', 'उमड़ी है देखो सारी दुनिया अब भागेगी हिंसा', '1090 पर फोन करो, महिला हिंसा बंद करो', '1930 पर फोन करो, डिजिटल हिंसा बंद करो' और '112 पर फोन करो, सभी मुसीबत से बचो' जैसे नारे लगाकर सक्रिय सहभागिता दिखाई।
कैंडल मार्च का समापन गांधी पार्क में आयोजित सभा के साथ हुआ। इसमें पुलिस अधिकारियों और संस्था के प्रमुख ने महिलाओं तथा लड़कियों के प्रति हिंसा रोकने की पहल को जारी रखने तथा सभी से सहयोग करने का आह्वान किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







