जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

पत्नी के आशिक ने ही ली थी पति की जान, चकिया पुलिस ने खोला जोगिया कला का मर्डर केस

चन्दौली के चकिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में गांव में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। अवैध संबंध और चुनावी प्रतिष्ठा के चक्कर में सो रहे युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की गई थी। पूरी खबर पढ़ें...

 
 

जोगिया कला गांव में गांव में ब्लाइंड मर्डर

36 घंटे के भीतर खुलासा

कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या

अवैध संबंध बने मौत की वजह

आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि गिरफ्तार

चन्दौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में गांव में 5 जून की रात को हुए सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाले ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मर्डर के आरोप में गांव के ही रहने वाले सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया है।

इतना ही नहीं, पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। इस खौफनाक वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था, जिस पर अब पुलिस ने कामयाबी हासिल कर ली है।

अवैध संबंध और प्रधानी चुनाव की रंजिश बनी काल
पुलिस के मुताबिक, 5 और 6 जून की दरमियानी रात को जोगिया कला गांव में गांव का रहने वाला बेचई उर्फ बृजेश यादव (34 वर्ष) अपने घर के बाहर चारपाई पर गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की, तो एक बेहद चौंकाने वाली कहानी सामने आई।

जांच में पता चला कि मृतक बृजेश यादव की पत्नी और आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि के बीच पिछले कई सालों से प्रेम संबंध चल रहे थे। इस नाजायज रिश्ते को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर भयंकर विवाद होता रहता था। घटना से कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तगड़ा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मृतक की पत्नी अपने बच्चों को साथ लेकर मायके चली गई थी।

अहरौरा से खरीदी कुल्हाड़ी, मुंह में ठूंसा गमछा
पत्नी के मायके जाने के बाद मृतक बृजेश यादव गांव में सरेआम आरोपी सुनील यादव और उसकी पत्नी के अवैध संबंधों का खुलकर विरोध करने लगा था। आरोपी सुनील यादव आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी में जुटा था। उसे लगा कि बृजेश की इस हरकत से समाज में उसकी बदनामी हो रही है और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा खराब हो जाएगी। इसी का बदला लेने के लिए उसने बृजेश को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला।

योजना के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी सुनील सोनभद्र के अहरौरा गया और वहां एक लोहार की दुकान से नई कुल्हाड़ी खरीदकर लाया। देर रात वह चोरी-छिपे बृजेश के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बृजेश की गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वार इतना जोरदार था कि बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के वक्त बृजेश चिल्ला न सके, इसके लिए आरोपी ने उसके मुंह में गमछे का टुकड़ा भी ठूंस दिया था।

मोकरम बंधी के पास से दबोचा गया हत्यारा
इस सनसनीखेज कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनील यादव कुल्हाड़ी को अपने ही एक खेत में छिपाकर बड़े आराम से घर वापस चला गया था। पुलिस की टीम लगातार कातिल की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करके मोकरम बंधी के पास से आरोपी सुनील को धर दबोचा। पुलिसिया पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

इस पूरे ब्लाइंड मर्डर केस का चंद घंटों में खुलासा करने में चकिया के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी शिकारगंज अमित कुमार मिश्रा, और चौकी प्रभारी सैदूपुर अनिल कुमार पांडे समेत पूरी चकिया पुलिस टीम की बेहद सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने हत्यारे के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*