जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! जर्जर तार टूटने से करंट की चपेट में आई 14 साल की बच्ची, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

चंदौली के चकिया क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर एक घर के टीनशेड पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 14 साल की एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई।

 

चकिया के भटपुरवा गांव में सुबह हुआ हादसा

टीनशेड में करंट उतरने से झुलसी सम्या मौर्य

जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में इलाज जारी

लंबे समय से जर्जर थी हाईटेंशन बिजली लाइन

ग्रामीणों ने दी बड़े आंदोलन की कड़ी चेतावनी

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बरहुआं ग्रामसभा के भटपुरवा गांव में रविवार की सुबह एक खौफनाक हादसा हो गया। यहाँ सुबह करीब 8 बजे 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का एक जर्जर तार अचानक टूटकर एक मकान के टीनशेड पर आ गिरा। इस हादसे के वक्त घर के आंगन में एक 14 साल की किशोरी घरेलू कामकाज कर रही थी, जो टीनशेड में करंट उतरने की वजह से उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई।

अस्पताल में चल रहा है इलाज
करंट की चपेट में आई किशोरी का नाम सम्या मौर्य (उम्र 14 वर्ष) है, जो भटपुरवां निवासी नरसिंह मौर्य की बेटी है। घटना के तुरंत बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने उसे चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में किशोरी का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव के लोग बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर बेहद गुस्से में हैं।

लंबे समय से जर्जर थी बिजली की लाइन
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। लोगों का सीधा आरोप है कि चकिया फीडर से सैदूपुर बाजार और आसपास के गांवों को जोड़ने वाली यह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन लंबे समय से बेहद जर्जर हालत में है। गांव में कई जगहों पर ये खतरनाक तार लोगों के मकानों और टीनशेड के ठीक ऊपर से गुजर रहे हैं। इसके अलावा बिजली के खंभों (पोलों) के बीच की दूरी बहुत ज्यादा होने के कारण तारों पर दबाव रहता है और वे अक्सर टूटकर गिर जाते हैं।

ग्रामीणों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
गांव वालों का कहना है कि इस जर्जर लाइन को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अफसरों ने न तो इन पुराने तारों को बदला और न ही इस पूरी लाइन को सुरक्षित करने का कोई प्रयास किया। ग्रामीणों ने विभाग को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इन जर्जर तारों को नहीं बदला गया और घरों के ऊपर से जा रही इस मौत की लाइन को सुरक्षित जगह शिफ्ट नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*