जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जातीय समीकरणों में उलझा यूजीसी बिल: चकिया बार एसोसिएशन में मतभेद, यूजीसी बिल पर वकीलों के दो धड़े

चकिया में यूजीसी संशोधन बिल को लेकर अधिवक्ताओं में दो फाड़ हो गए हैं। एक गुट ने बिल को समावेशी बताकर समर्थन किया, तो दूसरे पक्ष ने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए जमकर विरोध जताया।

 
 

यूजीसी संशोधन बिल पर अधिवक्ताओं के बीच तीखा मतभेद

पिछड़ा एवं अनुसूचित वर्ग के अधिवक्ताओं का बिल को समर्थन

स्वर्ण जाति से संबंधित अधिवक्ताओं ने बिल को बताया 'छात्र विरोधी'

उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा को सौंपे गए दो विपरीत ज्ञापन

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर सामाजिक ध्रुवीकरण तेज

चंदौली जिले के कई इलाकों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) संशोधन बिल की तपिश अब न्यायालय परिसरों तक पहुँच गई है। बुधवार को चकिया तहसील परिसर में इस बिल को लेकर अधिवक्ताओं के बीच गहरा मतभेद उजागर हुआ। बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता इस मुद्दे पर दो स्पष्ट वैचारिक और सामाजिक धड़ों में बंटे नजर आए, जिससे तहसील परिसर का माहौल गर्मा गया।

Chandauli samachar Image

समर्थक पक्ष: "समावेशी शिक्षा के लिए जरूरी है बिल"
पिछड़े वर्ग एवं अनुसूचित जाति से संबंधित अधिवक्ताओं ने यूजीसी बिल के पक्ष में अपना रुख स्पष्ट किया। अधिवक्ता लक्ष्मण दास, बृजराज सिंह और वशिष्ठ मौर्य के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने इसे उच्च शिक्षा में सुधार की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। समर्थकों का तर्क है कि यह बिल शिक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और समावेशी बनाएगा, जिससे वंचित वर्गों के मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने उप जिलाधिकारी (SDM) विनय कुमार मिश्रा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर बिल को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की।

chandauli news lawyers protest, chandauli khabar ugc bill controversy, Chakia Bar As

विरोधी पक्ष: "छात्रों के साथ हो रहा है शोषण"
दूसरी ओर, स्वर्ण जाति से संबंधित अधिवक्ताओं ने बिल के प्रावधानों को 'छात्र विरोधी' करार देते हुए सड़क पर उतरकर नारेबाजी की। प्रदीप नारायण सिंह, शंभूनाथ सिंह और पंकज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि इस संशोधन से शिक्षण संस्थानों में स्वर्ण वर्ग के छात्रों के हितों की अनदेखी होगी और उनके शोषण की संभावना बढ़ेगी। विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने चकिया नगर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इस संशोधन को तत्काल वापस लेने की मांग की।

सामाजिक बहस का केंद्र बना मुद्दा
अधिवक्ताओं के इस खुले मतभेद ने यह साफ कर दिया है कि यूजीसी बिल केवल एक शैक्षणिक बदलाव नहीं, बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी एक संवेदनशील मुद्दा बन चुका है। तहसील परिसर में दोनों पक्षों की ओर से दिए गए ज्ञापनों और तर्कों ने स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था और आरक्षण नीतियों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों के ज्ञापन प्राप्त कर लिए हैं, लेकिन वकीलों के बीच की यह वैचारिक खाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*