चकिया ब्लॉक में बैठक के दौरान शिक्षा मित्र की तबीयत बिगड़ी, SDM की तत्परता से मिला उपचार
एसआईआर समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षामित्र की बिगड़ी तबीयत
चकिया में ओमप्रकाश नामक शिक्षा मित्र चक्कर खाकर गिरे
एसडीएम ने तत्काल अस्पताल भेज कराया उपचार
मानसिक तनाव और अत्यधिक दबाव के चलते बीमार
साथी शिक्षकों में प्रशासन की जोर-जबरदस्ती से दिखा रोष
चंदौली जिले के चकिया ब्लॉक परिसर में सोमवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) फॉर्म भरने से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान अचानक एक शिक्षा मित्र की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए शिक्षा मित्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
डुही-सुही गांव निवासी 48 वर्षीय शिक्षा मित्र ओमप्रकाश की हालत बैठक के दौरान अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि एसआईआर फॉर्म भरने के कार्य में अधिकारियों की ओर से बढ़ते दबाव के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे।
एसआईआर समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षामित्र की बिगड़ी तबीयत
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 25, 2025
चकिया में ओमप्रकाश नामक शिक्षा मित्र चक्कर खाकर गिरे
एसडीएम ने तत्काल अस्पताल भेज कराया उपचार
मानसिक तनाव और अत्यधिक दबाव के चलते बीमार
साथी शिक्षकों में प्रशासन की जोर-जबरदस्ती से दिखा रोष pic.twitter.com/nBJWLlcW2y
एसडीएम ने तुरंत अस्पताल भेजा
बैठक के बीच ओमप्रकाश अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उपस्थित कर्मचारियों ने तत्काल एसडीएम विनय मिश्रा को स्थिति से अवगत कराया। मौके की गंभीरता को समझते हुए एसडीएम मिश्रा ने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर शिक्षा मित्र ओमप्रकाश को जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा।
चिकित्सालय में डॉक्टरों द्वारा ओमप्रकाश को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अधिक तनाव और थकावट के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी थी। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति में तेजी से सुधार आने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने और तनाव से दूर रहने की सख्त सलाह दी है।
शिक्षकों में रोष, कार्यभार संतुलित करने की मांग
इस घटना के बाद साथी शिक्षकों व शिक्षा मित्रों में कार्य के अत्यधिक दबाव को लेकर रोष देखा गया। उनका कहना है कि एसआईआर फॉर्म भरने के दबाव के कारण कई लोग तनाव में हैं। उन्होंने मांग की कि अधिकारी मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्यभार को संतुलित करें ताकि किसी भी कर्मचारी के स्वास्थ्य पर बुरा असर न पड़े।
यह घटना एक बार फिर शैक्षिक व्यवस्थाओं में कार्यरत लोगों पर अत्यधिक कार्य के दबाव और उसके स्वास्थ्य पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव के मुद्दे को उठाती है। फिलहाल ओमप्रकाश अपने घर पर हैं और स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






